{"_id":"6af49b8e7a70cf63ff00cb22","slug":"fires-broke-out-at-five-locations-in-gurugram-within-12-hours-2026-11-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"गुरुग्राम में 12 घंटे में पांच जगह लगी आग: दुकान की छत, बंद मकान और बांस-बल्ली के स्टोर में हुईं घटनाएं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गुरुग्राम में 12 घंटे में पांच जगह लगी आग: दुकान की छत, बंद मकान और बांस-बल्ली के स्टोर में हुईं घटनाएं
Wed, 11 Nov 2026 10:19 PM IST
Akash Dubey
अमर उजाला ब्यूरो, गुरुग्राम
अमर उजाला ब्यूरो, गुरुग्राम
Published by: Akash Dubey
Updated Wed, 11 Nov 2026 10:19 PM IST
सार
जिले में मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक पांच स्थानों पर आग लगी। दमकल ने काबू पाया, कोई घायल नहीं हुआ। आग के कारण अज्ञात हैं।
विज्ञापन
गुरुग्राम में अलग-अलग जगहों पर लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले में मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक करीब 12 घंटे के दौरान अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की पांच घटनाएं हुईं। सूचना मिलते ही भीमनगर और सेक्टर-29 फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि किसी भी घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
विज्ञापन
पहली घटना 10 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे ओल्ड दिल्ली रोड स्थित श्रीलेदर्स की चार मंजिला दुकान की छत पर हुई। सूचना पर भीमनगर और सेक्टर-29 फायर स्टेशन से एक-एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। दुकान की छत पर पुराने जूते, कागज, गत्ते और अन्य सामान रखा हुआ था। इसी सामान में आग लगी थी। दमकल कर्मियों ने पानी का छिड़काव कर आग बुझाई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका।
विज्ञापन
दूसरी घटना रात करीब 12 बजे रोशनपुरा में एक बंद मकान में हुई। बताया जा रहा है कि मकान पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा था और वहां बिजली का मीटर भी नहीं लगा था। सूचना पर सेक्टर-29 से दो और भीमनगर से दो दमकल गाड़ियां पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तीसरी घटना भीमगढ़ खेड़ी गांव में कूड़े के ढेर में आग लगने की थी। यहां भीमनगर फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी पहुंची और पानी का छिड़काव कर आग बुझाई।
विज्ञापन
सेक्टर-58 में कूड़े में आग-
चौथी घटना रात को सेक्टर-58 में कूड़े में आग लगने की हुई। सूचना मिलने पर सेक्टर-29 फायर स्टेशन से दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पांचवीं घटना बुधवार सुबह करीब चार बजे बादशाहपुर में बांस-बल्ली के स्टोर में हुई। यहां निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली बांस-बल्ली और लकड़ी का सामान रखा था। सेक्टर-29 फायर स्टेशन से दमकल गाड़ी पहुंची। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। सुबह दोबारा आग भड़कने पर दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे शांत किया।
आग लगने की पांचों घटनाओं में दमकल कर्मियों ने तत्परता से कार्रवाई कर आग पर काबू पाया। किसी व्यक्ति के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है। जांच के बाद ही आग लगने के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। - नरेंद्र यादव, वरिष्ठ अधिकारी, जिला फायर विभाग, गुरुग्राम