गुरुग्राम। गूगल-पे से 3600 रुपये किराना दुकान संचालक के खाते में नहीं आया तो उसने ने टोल फ्री नंबर पर कॉल की तो कर्मचारी व्यस्त थे। बाद में एक नंबर से कॉल आई और कॉल कट होने के बाद मोबाइल पर करीब 30 हजार रुपये कटने के मेसेज आए तो ठगी का पता चला। मंगलवार को आईएमटी मानेसर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार यह शिकायत मानेसर एरिया में किराना दुकान चलाने वाले महावीर सिंह ने दी है। 15 फरवरी को एक ग्राहक ने गूगल-पे के जरिये उन्हें 3600 रुपये ट्रांसफर किए, लेकिन ये रुपये उनके खाते में नहीं आए। 18 फरवरी को दुकान संचालक ने टोल फ्री कस्टमर केयर नंबर पर कॉल की तो कहा गया कि सब कर्मचारी व्यस्त हैं, फ्री होते ही आपसे बात करेंगे। शाम 7 बजे एक नंबर से कॉल आया। उनसे कहा गया कि गूगल-पे की समस्या को लेकर सुबह जो आपने बात की थी, वो बताते हुए कुछ डिटेल मांगी। कुछ देर बाद कॉल कट हुई तो पीड़ित के मोबाइल पर 3 मेसेज आए। इन मेसेज में खाते से रुपये कटने की डिटेल थी। 16135, 9416 और 3434 रुपये पीड़ित के खाते से कट गए थे। गूगल-पे के कस्टमर केयर पर कॉल की तो बताया गया कि आपके साथ फ्रॉड हुआ है, हम कुछ नहीं कर सकते। पीड़ित ने बैंक से संपर्क किया तो कहा गया कि आप ई-वॉलेट कंपनी से बात करें। तब शिकायत पुलिस को दी गई। साइबर सेल की टीम ने मामले की जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में ही आरोप सही पाए गए। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।