गार्ड और पार्सल सुपरवाइजर के झगड़े के चलते रूकी रही ट्रेन
आरपीएफ थाने में दो जवानों के आपस में भिड़ने को लोग अभी भूल नहीं पाए थे कि सोमवार को जनता एक्सप्रेस के गार्ड और स्टेशन पार्सल सुपरवाइजर एक पार्सल उतारने को लेकर भिड़ गए।
काफी देर तक हंगामा होता रहा। मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों ने दोनों को शांत कराया और पार्सल को लेकर गाड़ी को रवाना किया। इसके चलते ट्रेन करीब आधे घंटे तक स्टेशन पर रुकी रही।
मुंबई से चलकर फिरोजपुर जाने वाली 19023 जनता एक्सप्रेस में बरोंच स्टेशन से फरीदाबाद के लिए पार्सल बुक कराया गया था। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने से पहले यहां के पार्सल सुपरवाइजर को पार्सल लेने के लिए सूचित किया गया था।
पहले पार्सल सुपरवाइजर देरी से पहुंचा
सुबह 11:53 बजे जनता एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर-1 पर आकर रुकी। पहले तो पार्सल सुपरवाइजर ही देरी से पहुंचा। उसके बाद उन्होंने यह कहकर पार्सल लेने से इनकार कर दिया कि यहां पार्सल सेवा बंद है।
पार्सल वैन की सील भी टूटी हुई है। इस पर गार्ड ने भी ट्रेन को रवाना करने से इनकार कर दिया। दोनों के बीच काफी देर तक विवाद होता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक केसी मीणा, आरपीएफ इंस्पेक्टर, कॅमर्शियल इंस्पेक्टर पंकज शर्मा मौके पर पहुंच गए। तीनों ने दोनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और पार्सल उतरवाया। दो रेलकर्मियों की बहस में ट्रेन दोपहर 12:21 बजे स्टेशन से रवाना हुई।