दो साल पहले बेच दी कार फिर भी घर पहुंचा चालान, पुलिस में दी शिकायत सामने आया चकरा देने वाला सच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर नोएडा में करीब दो साल पहले कार बेचने वाली महिला ने खरीदार पर कार ऑनरशिप ट्रांसफर नहीं कराने और चालान कटने पर एसपी को शिकायत दे दी। एसपी ने मामले में कार्रवाई का आदेश दिया और थाना पुलिस ने कार खरीदार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अल्फा-1 सेक्टर प्रतिमा ने एसपी देहात रणविजय सिंह से शिकायत की थी कि उसने अपनी कमर्शियल नंबर की कार 14 अक्तूबर 2017 को बेची थी। महिला ने बुलंदशहर के चोला गांव निवासी महेंद्र को गाड़ी बेची थी।
अब महिला का आरोप है कि कार बेचने के दौरान ही आरसी आदि नाम कराने के दस्तावेज पर महेंद्र ने हस्ताक्षर करा लिए थे और सात दिन में कार नाम कराने का हवाला दिया था।
आरोप है कि महेंद्र ने अब तक कार अपने नाम नहीं कराई। जबकि कार के यातायात उल्लंघन पर चालान कट रहे और टैक्स भी नहीं जमा कराया है। महिला का कहना है कि कार नाम नहीं कराने के कारण चालान उसके नाम कटे थे।
वहीं, उसे यह भी डर है कि कहीं कार किसी आपराधिक गतिविधि में प्रयोग न कर ली जाए। इसलिए उसने महेंद्र से फोन कर कार नाम कराने के लिए कहा लेकिन उसने सुनवाई नहीं की।
कार किस्तों पर दूसरे को बेच दी इसलिए नहीं कराई नाम
इस संबंध में कार खरीदार महेंद्र से बात की गई तो उसने बताया कि उसने लगभग एक साल पहले किसी तीसरे व्यक्ति को कार किस्तों पर बेच दी थी। अभी किस्ते पूरी नहीं आई हैं। इसलिए अभी कार को तीसरे व्यक्ति के नाम नहीं किया गया। महेंद्र ने बताया कि कार के कटे चालान उसने जमा करा दिए हैं। वह इस संबंध में महिला के पति से बात करेंगे।
मामला दर्ज करने के दिए गए हैं निर्देशः एसपी
इस बारे एसपी देहात रणविजय सिंह ने बतयाया कि इस बारे में शिकायत मिली थी। थाना पुलिस को मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
दर्ज कर लिया है केसः एसएसआई
एसएसआई एनपी सिंह ने कहा कि महिला की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।