हल्दीराम फैक्ट्री में आग पर शासन ने मांगी रिपोर्ट, 48 घंटे बाद भी दमकल गाड़ियां लगाती रहीं चक्कर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हल्दीराम की सेक्टर-68 ए-11 स्थित फैक्ट्री में बुधवार रात लगी भीषण आग पर शासन ने संबंधित विभागों से रिपोर्ट मांग ली है। उधर, फैक्ट्री में लगी आग की लपटें तो बंद हो गईं हैं, लेकिन रह-रहकर धुआं निकल रहा है। इसलिए 48 घंटे बाद भी दमकल की गाड़ियां फैक्ट्री के चक्कर लगाती रहीं।
शुक्रवार को भी शाम तक 15 दमकल की गाड़ियों ने जगह-जगह उठ रहे धुएं को काबू करने का प्रयास किया, ताकि उससे दोबारा आग न लग जाए। फेज तीन के अग्निशमन अधिकारी राधेश्याम यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को पूरी रात मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया गया था। हालांकि, फैक्ट्री में बहुत ज्यादा पैकेजिंग का सामान, खाद्य तेल और उत्पादन के लिए आने वाला सामान रखा है।
उसके ढेर में रह-रहकर छोटी आग या धुआं उठ रहा है। उसे न बुझाया गया तो फिर से फैक्ट्री में आग लगने का खतरा है। इसलिए शुक्रवार शाम तक दमकल की गाड़ियां फैक्ट्री के चक्कर लगाती रहीं। शुक्रवार को 15 दमकल गाड़ियों ने दबी हुई आग और फैक्ट्री में भरे हुए सामान को ठंडा करने का प्रयास किया।
जिले की सबसे बड़ी आग थी
अग्निशमन विभाग के मुताबिक, जिले में आग लगने की हुई प्रमुख घटनाओं में से संभवत: ये सबसे बड़ी आग थी। फैक्ट्री काफी दूर में फैली हुई है और वहां काफी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ रखा था। इस वजह से आग ने थोड़ी देर में ही पूरी बिल्डिंग को चपेट में ले लिया।
शुक्र था कि उस वक्त फैक्ट्री में बहुत कम लोग थे । जो थे वह भी सुरक्षित निकल गए थे। आग इतनी भयंकर थी कि इसे काबू करने के लिए अग्निशमन विभाग 48 घंटों से ज्यादा देर तक लगातार मशक्कत करता रहा।
वहीं आसपास के शहरों से 45 दमकल गाड़ियां और 300 अग्निशमन कर्मी व निजी सुरक्षा कर्मी को लगाया गया। शुक्रवार को भी विभाग को 15 दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं। हालांकि आग काबू होने की वजह से केवल नोएडा व दिल्ली की दमकल गाड़ियां ही मुस्तैद रहीं। अन्य जिलों से आयी दमकल गाड़ियों को वापस भेज दिया गया।