खुशखबर: पंचकर्म चिकित्सा से शरीर की भी सफाई करेगा निगम, सभी बड़े अस्पतालों में खोली जाएंगी पंचकर्म इकाइयां
दिलचस्प यह है कि निगम पहली बार आयुष इकाइयों में इंडोर सुविधा देने जा रहा है। इसकी शुरुआत हैदरपुर पंचकर्म अस्पताल से होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंचकर्म चिकित्सा से शरीर में जमा विषाक्त पदार्थों की सफाई का काम भी निगम करेगा। निगम ने अपनी सभी आयुष इकाइयों को मजबूत करने के साथ इनके अंदर पंचकर्म चिकित्सा इकाइयों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। इनमें असाध्य बीमारियों को आयुर्वेदिक चिकित्सा विधि से ठीक किया जाएगा।
दिलचस्प यह है कि निगम पहली बार आयुष इकाइयों में इंडोर सुविधा देने जा रहा है। इसकी शुरुआत हैदरपुर पंचकर्म अस्पताल से होगी। दरअसल, निगम का आयुष विभाग 2 आयुर्वेदिक अस्पतालों, 14 पंचकर्म अस्पतालों और 10 मधुमेह केंद्रों में लोगों का इलाज कर रहा है। अब इसके बड़े पैमाने पर विस्तार की योजना है।
इसमें हैदरपुर में एक बड़ा पंचकर्म अस्पताल तकरीबन बनकर तैयार है। इसमें पहली बार मरीज भर्ती करने की सुविधा भी होगी। दो मंजिला इस अस्पताल में आयुर्वेदिक पद्धति से इलाज की सुविधाएं और चिकित्सकों की संख्या दूसरे किसी भी आयुर्वेदिक अस्पताल से ज्यादा होगी। दूसरी तरफ तिलक नगर में भी एक पंचकर्म अस्पताल खोलने की योजना है। इसके अलावा दूसरे अस्पतालों में भी पंचकर्म से इलाज करने की तैयारी है। अभी तक किसी भी अस्पताल में मरीज भर्ती करने की सुविधा नहीं है।
इस तरह होगा इलाज
पंचकर्म अस्पताल में पांच विशेष क्रियाओं से शरीर की रोगों से सफाई की जाएगी। वमन (अमाशय की सफाई), विरेचन (आंत की सफाई), नस्य (कफ को बाहर निकालने), रक्तमोक्षण (खराब खून को शरीर से बाहर निकालने) और अनुवासनाबस्ती (शरीर में धातुओं का संतुलन करके) क्रियाओं से शरीर की रोगों से सफाई होगी। फिर अश्वगंधा, अरंड, आखा, निर्मुंडी, भांग, मेथी और अजवाइन के पत्तों को मारकीन के कपड़े में पोटली बनाकर विशेष सिंकाई होगी।
गठिया, जोड़ों के दर्द के इलाज के लिए उड़द के आटे में आयुर्वेदिक तेल को गर्म करके मालिश की जाएगी। इसके बाद धीरे-धीरे दवा के जरिये इलाज की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सर्वाइकल का सफल तरीके से यहां पर इलाज किया जा रहा है। मधुमेह, रक्तचाप इत्यादि के इलाज के लिए आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और यूनानी तीनों चिकित्सा की सुविधा यहां मिलेगी।
बल्लीमारान अस्पताल का होगा विस्तार
पुरानी दिल्ली में बल्लीमारान आयुर्वेदिक अस्पताल का विस्तार किया जाएगा। अस्पताल की इमारत नई सिरे से बनाई जाएगी। इसके अलावा यहां भी पंचकर्म केंद्र खोलने पर निगम विचार कर रहा है। हिंदुराव अस्पताल में हेपेटाइटिस क्लीनिक की स्थापना की जाएगी। महरौली, शाहगंज, शाहबाद डेयरी, घोंडा, ताजपुर, चंद्रावल नगर, मजलिस पार्क और फाटक हबास खान की यूनानी डिस्पेंसरियों की इमारतें नए सिरे से बनाई जाएंगी।
आयुर्वेदिक पद्धति से इलाज की सुविधा बढ़ाने जा रहा निगम
आयुष विभाग के अधिकारियों को मुताबिक, निगम आयुर्वेदिक पद्धति से इलाज की सुविधा बढ़ाने जा रहा है। हैदरपुर का अस्पताल तकरीबन तैयार है। वहीं, तिलक नगर में आयुर्वेदिक अस्पताल बनाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा दूसरे कई अस्पतालों में केंद्र बनाने की योजना है।