आश्रम की छत के रास्ते पीछे की दीवार फांदकर भागीं लड़कियां, नहीं मिल रहा है कोई सुराग
दिलशाद गार्डन स्थित संस्कार आश्रम से गायब एक नाबालिग समेत नौ बालिग लड़कियों में से किसी का सुराग नहीं लग सका है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि सभी लड़कियों ने छत के रास्ते पीछे की ओर जाकर छज्जे के रास्ते दीवार फांदी। इसके बाद सभी लड़कियां फरार हो गईं।
छत पर जाने के लिए लड़कियों ने एक मंजिला आश्रम के जीने पर लगे दरवाजे की कुंडी तोड़ दी। दीवार पर लगे कटीले तार भी हटा दिए थे। बताया जाता है कि आश्रम के पीछे डीडीए का ग्राउंड है, वहां पर 1 दिसंबर की रात को शादी थी, जिसमें डीजे बज रहा था, इसी शोर का फायदा उठाकर लड़कियां भागने में कामयाब हो गईं।
पुलिस अधिकारी सवाल उठा रहे हैं कि इतना सब होने के बाद भी आश्रम प्रशासन को पता क्यों नहीं चला। आश्रम के कर्मचारी व सुरक्षा गार्ड भी शक के दायरे में हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों की मानें तो आश्रम में मिली सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और पूछताछ के बाद यह पता चला कि 1 दिसंबर की रात 11.45 तक सभी लड़कियां आश्रम में थीं। इसके बाद देर रात को सभी गायब हो गईं। सुबह आश्रम प्रशासन को उनके गायब होने का पता चला, तो पुलिस को सूचना दी।
जीटीबी अस्पताल में की थी गार्ड की नौकरी
पुलिस ने छानबीन के बाद एक नाबालिग लड़की के गायब होने पर अपहरण और आठ बालिग के गायब होने पर उनकी गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन शुरू की। पता चला कि गायब सभी लड़कियां मानव तस्करी और देह व्यापार पीड़िताएं थीं। सभी लड़कियों को महिला आयोग ने मुक्त कराया था। बाल कल्याण समिति के आदेश पर यह लड़कियां यहां रह रही थीं।
इस बात पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं कि आखिर यह ही लड़कियां क्यों गायब हुईं। कहीं ऐसा तो नहीं कि कोई बाहरी शख्स के इशारे पर इन लड़कियों को आश्रम से निकालकर दोबारा देह व्यापार में धकेला गया हो। लड़कियों के परिवारों से भी संपर्क कर पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह लड़कियां उनके संपर्क में हैं या नहीं। इसके लिए पुलिस ने नेपाल दूतावास से संपर्क किया है।
मई 2018 में लड़कियों को मुक्त कराकर दिलशाद गार्डन स्थित दिल्ली सरकार के संस्कार आश्रम में आश्रय दिया गया था। लड़कियों की बाकायदा ट्रेनिंग कराकर बाल कल्याण समिति ने जीटीबी अस्पताल में गार्ड के रूप में नौकरी लगवाई थी। तीन महीने अनुबंध पर नौकरी करने के बाद लड़कियों का कांट्रेक्ट समाप्त हो गया था। चूंकि सभी लड़कियों को मानव तस्करों व देह व्यापारियों से मुक्त कराया गया था, इसलिए कड़ी निगरानी में लड़कियों को संस्कार आश्रम वालों के साथ ड्यूटी पर भेजा जाता था।
ह्मूमन इंटेलिजेंस व कैमरों की मदद ली जा रही
गायब हुईं लड़कियों का पता लगाने के लिए पुलिस ह्मूमन इंटेलिजेंस व सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है। पुलिस आश्रम के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। अपने मुखबिरों की भी मदद ली जा रही है। वहीं रेड लाइट एरिया में भी इंटेलिजेंस के जरिये अपने सोर्स को पुलिस खंगाल रही है।