दिल्ली में नहीं होगा गुलाम अली का शो, 8 नवंबर को था प्रस्तावित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान के गजल सम्राट गुलाम अली का शो दिल्ली में भी रद्द कर दिया गया है। पिछले महीने शिवसेना के विरोध के चलते मुंबई में भी गुलाम अली का शो रद्द किया गया था।
इसके बाद दिल्ली सरकार ने गुलाम अली को दिल्ली में प्रोग्राम करने का न्योता दिया था, जिसे गजल सम्राट ने स्वीकार कर लिया था। दिल्ली सरकार का कहना है कि व्यक्तिगत कारणों से शो को रद्द किया गया है।
हालांकि बताया गया है कि गुलाम अली उनके दौरे को सियासी रंग दिए जाने से आहत हैं।
भारत में प्रस्तुति नहीं देने का फैसला किया है
वह अपने कार्यक्रम के लिए कुछ राजनीतिक दलों की पेशकश से भी नाराज बताए जा रहे हैं। देश में उनके लाखों प्रशंसक हैं, लेकिन उनका कहना है कि बेहतर माहौल होने पर ही वे अपनी प्रस्तुति देने के लिए पहुंचेंगे।
74 वर्षीय गजल गायक के बेटे आमिर ने लाहौर से फोन पर एजेंसी को बताया कि पिछले दिनों उनके पिता मुंबई में शिव सेना के सियासी बवाल के बाद फिलहाल भारत में प्रस्तुति नहीं देने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि जब माहौल बेहतर लगेगा तो वे अपनी प्रस्तुति देने पहुंचेंगे।
संगीत के लिए बेहतर माहौल होना जरूरी है
उन्होंने कहा कि संगीत के लिए बेहतर माहौल होना जरूरी है। हम किसी भी तरह की राजनीति में शामिल नहीं होना चाहते। इसलिए अभी ऐसा माहौल नहीं है कि भारत में कार्यक्रम करें।
बता दें कि दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने जब गुलाम अली को दिल्ली में शो के लिए आमंत्रित किया था, तब भी शिवसेना ने विरोध करने की धमकी दी थी।
लेकिन तब उन्होंने आमंत्रण स्वीकार कर लिया था। यूपी सरकार भी 3 दिसंबर को लखनऊ में गुलाम अली को गजल कंसर्ट के लिए आमंत्रित कर चुकी है, उसके बारे में भी अभी तय नहीं कि आएंगे या नहीं।