खुर्जा: मौत की रंजिश में जीजा-साले का अपहरण, एक को जमीन में गाड़ा; दूसरे ने चंगुल से निकल थाने में सुनाया सच
सड़क हादसे में भाई की मौत की रंजिश में एक युवक का अपहरण कर हत्या की वारदात सामने आई है। युवक के शव को जमीन में गाड़ दिया गया। पहासू के बाघऊ गांव में रात डेढ़ बजे हरियाणा पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया है।
विस्तार
हरियाणा के फरीदाबाद में रविवार शाम को हुए जीजा-साले के अपरहण में पुलिस ने सोमवार रात को पहासू के पहासू गांव से जीजा योगेश का शव बरामद किया। वहीं अपहरणकर्ता गंगागढ़ गांव निवासी चारों आरोपियों को हरियाणा पुलिस गिरफ्तार कर ले गई। अलीगढ़ के गोधा थाना निवासी योगेश (30) ने पिछले साल पहासू के गंगागढ़ गांव निवासी अर्जुन (मृत) की शादी कराई थी। तभी से अर्जुन और योगेश में दोस्ती हो गई थी और उनका मिलना रहता था। जुलाई 2022 में अर्जुन और योगेश एक साथ छतारी थाना क्षेत्र की ओर गए थे। जहां सड़क हादसे में अर्जुन की मौत हो गई थी। ऐसे में अर्जुन के परिजनों को हत्या को लेकर योगेश पर शक था। इसी के चलते वह योगेश से रंजिश रखने लगे थे।
टाइल्स का काम करने के बाहर बुलाया, फिर किया अपहरण
वहीं हरियाणा के फरीदाबाद में थाना सरन में योगेश का साला रिंकू टाइल्स का कारोबार करता है। योगेश भी जाकर काम करने लगा। वहीं मृतक अर्जुन के भाई गुड्डू कालू, पिता धर्मपाल और चाचा नरेश ने योगेश की हत्या की योजना बनाई। इन्होंने हरियाणा में स्थानीय निवासी यासीन, राजू और समीम को रुपये देने के बहाने अपनी योजना में शामिल कर लिया। रविवार शाम को समीम, यासीन और राजू ने टाइल्स लगवाने के बहाने योगेश को फरीदाबाद में स्थित न्यू जनता कॉलोनी में बुलाया। जहां योगेश के साथ रिंकू भी आ गया था। न्यू जनता कॉलोनी में धर्मपाल और नरेश कार में पहले से मौजूद थे। तभी सभी ने योगेश और रिंकू को जबरन कार में बैठा लिया। इसके बाद खुर्जा होते हुए पहासू की जा रहे थे।
चंगुल से निकल रिंकू पहुंचा थाने
जब वह खुर्जा में शिकारपुर रोड के पास पहुंचे तो बाइक पर गुड्डू और कालू बाइक से खड़े थे। वहां पर गुड्डू और कालू को कार में बैठना था और यासीन व राजू को बाइक से आना था। गुड्डू और कालू को देखकर योगेश को शक हुआ और उसने झगड़ा शुरू कर दिया। वहीं रिंकू पेशाब करने के बहाने गया था और वहां से भाग गया। उसके पीछे राजू, धर्मपाल, कालू, समीम भागने लगे थे। रिंकू भागता हुआ खुर्जा कोतवाली पहुंच गया। उसने पुलिस से मदद मांगी। खुर्जा पुलिस ने आसपास जांच शुरू कर दी और चारों को पकड़ लिया। खुर्जा पुलिस ने हरियाणा पुलिस को मामले के विषय में अवगत कराया। तो देर रात हरियाणा पुलिस को खुर्जा थाने पहुंची और चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर योगेश की तलाश शुरू कर दी।
हिरासत में ले गए आरोपियों ने पूछताछ में योगेश को पहासू में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पहासू पुलिस ने जांच की तो बाघऊ गांव के पास शव जमीन में गढ़ा हुआ था। जिसका एक हाथ जमीन से बाहर था। देर रात को डेढ़ बजे हरियाणा पुलिस के पहुंचने के बाद शव को जमीन से बाहर निकाला गया।