Ghaziabad: लापता विवाहिता की बरामदी को लेकर भड़का आक्रोश, ग्रामीणों ने थाने में आठ घंटे दिया धरना
मोदीनगर के गांव सीकरी खुर्द से सप्ताहभर पूर्व लापता हुई विवाहिता को बरामद करने में नाकाम पुलिस के खिलाफ लोगों में आक्रोश भड़क गया। आक्रोशित भीड़ ने बृहस्पतिवार को मोदीनगर थाने का घेराव कर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर अनदेखी का आरोप लगा जोरदार हंगामा किया और खुद को थाने की हवालात में बंद कर लिया। करीब आठ घंटे तक हंगामा प्रदर्शन चला। शीघ्र बरामदगी के आश्वासन के बाद भीड़ ने आंदोलन स्थगित किया।
गांव सीकरी खुर्द निवासी प्रदीप नागर की पत्नी चेतना नागर बीती 30 अक्टूबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। पुलिस ने प्रदीप की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चेतना की तलाश शुरू कर दी मगर विफल रही। चार दिन पूर्व परिजनों और ग्रामीणों ने चेतना की बरामदगी के लिए थाने पर आंदोलन किया तो पुलिस ने दो दिन का समय मांगा। चार दिन बाद भी जब चेतना का कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश पैदा गया। बृहस्पतिवार पूर्वाहन करीब 11 बजे बड़ी संख्या परिजन, महिलाएं और ग्रामीण एकत्रित होकर थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रर्दशन किया और धरने पर बैठ गए।
हवालात में किया खुद को बंद
आंदोलनकारी बबली गुर्जर, निर्दोष खटाना, राहुल गुर्जर, किसान नेता नेपाल सिंह काजमपुर और पप्पी नेहरा आदि ने आरोप लगाया कि थाने पहुंचने पर पुलिस ने उनकी उपेक्षा की। इससे आंदोलनकारी भड़क गए और अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान करते हुए थाने में ही भट्टी शुरू कर दी। इतना नहीं ही आक्रोशित भीड़ थाने के हवालात में खुद ही बंद हो गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हे समझाकर हवालात से बाहर निकाला।
विवाहिता की सास ने एचएचओ को सुनाई खरी-खोटी
आंदोलनकारी पुलिस के रैवये से काफी गुस्से में थे। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस को जब उनके आंदोलन की भनक लगी तो एचएचओ विवाहिता के घर पहुंचे। तब तक परिजन ग्रामीणों की भीड़ के साथ थाने के लिए निकल चुके थे। ग्रामीणों का आरोप है पुलिसकर्मियों ने गांव जाकर विवाहिता के पति को आंदोलन करने पर कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी। धरने के दौरान इस बात को लेकर भीड़ में गुस्सा फूट पड़ा। विवाहिता की सास ने एसएचओ को खूब खरी-खोटी सुनाई। उन्होने चेताया कि पुलिस में अगर हिम्मत तो सभी पर कार्रवाई करे वरना वह खुद हवालात में बंद हो जाएंगे। इससे जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है।
एसीपी ने दिया आश्वासन,आठ घंटे बाद स्थगित हुआ धरना
आक्रोशित भीड़ के रूख को देखते हुए पुलिस बैकफुट पर आ गई। मामला बढ़ने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता हुई। इसके बाद एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचकर उन्हें शीघ्र विवाहिता की बरामदगी का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम करीब सात बजे धरना स्थगित कर दिया गया।
विवाहिता के कपड़े,चप्पल और मोबाइल हो चुका है बरामद
जांच के दौरान पुलिस को विवाहिता के मोबाइल की लोकेशन हापुड़ मार्ग स्थित जंगल में मिली थी। पुलिस ने सर्च अभियान शुरू किया। सर्च अभियान के दौरान विवाहिता के कपड़े,चप्पल और मोबाइल बरामद हुआ था। इसके बाद से परिजनों को अनहोनी की आशंका सता रही है।
लापता विवाहिता की तलाश में टीमें लगी हुई है। विवाहिता का कुछ सामान बरामद हुआ है। कुछ अहम जानकारी मिली है। शीघ्र ही विवाहिता को बरामद कर लिया जाएगा। -अमित सक्सेना, एसीपी मोदीनगर