{"_id":"6939aa7c1346104b4d02292c","slug":"two-people-died-in-two-separate-accidents-in-mussoorie-and-wave-city-2025-12-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ghaziabad: मसूरी और वेव सिटी में हुए दो अलग-अलग हादसों में दो की मौत, परिजनों में मचा कोहराम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ghaziabad: मसूरी और वेव सिटी में हुए दो अलग-अलग हादसों में दो की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Wed, 10 Dec 2025 10:47 PM IST
आकाश दुबे
अमर उजाला नेटवर्क, मसूरी (गाजियाबाद)
अमर उजाला नेटवर्क, मसूरी (गाजियाबाद)
Published by: आकाश दुबे
Updated Wed, 10 Dec 2025 10:47 PM IST
सार
पहली घटना मसूरी क्षेत्र में हुई, जहां गाजियाबाद से डासना की तरफ जा रहे युवक को एक गाड़ी ने टक्कर मार दी और उसकी मौत हो गई। जबकि दूसरी घटना में बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसमें उसकी जान चली गई।
विज्ञापन
Accident Demo
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मसूरी और वेव सिटी थाना क्षेत्रांतर्गत दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। मसूरी थानाक्षेत्र में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, वेव सिटी थानाक्षेत्र में बाइक अनियंत्रित होने से बाइक पर सवार युवक जमीन पर गिर गया, जिससे उसके सिर पर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराकर दोनों के शवों को परिजनों को सौंप दिए।
विज्ञापन
हापुड़ सिंभावली के गांव बक्सर निवासी 33 वर्षीय शाहरुख पुत्र इकबाल मंगलवार रात करीब आठ बजे बाइक पर गाजियाबाद से डासना की तरफ जा रहा था, मसूरी थानाक्षेत्र में हापुड़ रोड स्थित इम्पीरियल फार्म के सामने मिसलगढ़ी के पास साइड से आये छोटा हाथी (वाहन) ने बाइक सवार को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना में शाहरुख गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में पुलिस ने उसे सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शाहरुख के घर सूचना दी तो परिजनों में कोहराम मच गया। सहायक पुलिस आयुक्त मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज देखकर वाहन को चिन्हित करके वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।
विज्ञापन
वहीं, दूसरी घटना वेव सिटी थानाक्षेत्र में लालकुआं जीटी रोड पर हुई। घायल बाइक सवार गाजियाबाद शास्त्रीनगर निवासी 32 वर्षीय लोकेश पुत्र प्रमोद कुमार बुधवार रात करीब दो बजे बाइक से दादरी की ओर जा रहे थे, जब वे जीटी रोड पर आनंद अस्पताल के पास पहुंचे तो बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे लोकेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि बुधवार को मेडिकल परिक्षण कराने के बाद युवक के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, अभी परिजनों की कोई शिकायत नहीं मिली है, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर वाहन चिन्हित करके वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन