'एक लाख के तीन लाख दूंगा': बैंक में मिले ठगों ने किसान को दिया झांसा, रुपये लेकर भागे, मुठभेड़ में पकड़े गए
पकड़े गए बदमाशों की शिनाख्त हनी वर्मा उसके साले अनुज वर्मा निवासी कमला विहार पीतलनगरी थाना कटघर जनपद मुरादाबाद के रुप में हुई हैं। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
बुलंदशहर थाना पुलिस व स्वाट देहात की टीम ने बीते दिनों किसान से हुई ठगी के मामले में दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए हैं। दोनों आरोपी रिश्ते में जीजा साले हैं। जिन पर बुलंदशहर के अलावा अन्य जनपदों में भी धोखाधड़ी, चोरी और लूट समेत अन्य कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया है।
एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि गत 23 मई को गांव दुगरऊ निवासी 60 वर्षीय वृद्ध किसान कुंवरपाल सिंह ने बैंक से केसीसी से एक लाख रुपये निकाले थे। बैंक में ही मिले दो युवकों ने उन्हें अपने झांसे में लिया और एक लाख के तीन लाख रुपये करके देने की बात कही। जिस पर पीड़ित किसान उनके झांसे में आ गया और एक लाख रुपये उन्हें थमा दिया। इसके बाद आरोपी उसे एक कागज में लपेट कर तीन लाख रुपये के फर्जी नोट देकर चले गए। पीड़ित ने जब वह गड्डी खोलकर देखी तो उसमें फर्जी नोट की गड्डियां थीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। जिसके राजफाश के लिए स्वाट देहात को भी लगाया गया था।
रविवार देर रात स्वाट और अनूपशहर टीम को सूचना मिली कि वृद्ध से ठगी करने वाले दो शातिर अपराधी गंगापुल की ओर से आने वाले हैं। जिस पर पुलिस टीमों ने वहां चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने एक बाइक पर आ रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन, आरोपी पुलिस को देखकर कच्चे रास्ते पर बाइक दौड़ाकर भागने लगे। तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। कुछ दूरी पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को घेर लिया। लेकिन, आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिए। जिसमें पुलिसकर्मी बाल बाल बचे। बाद में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
पकड़े गए बदमाशों की शिनाख्त हनी वर्मा उसके साले अनुज वर्मा निवासी कमला विहार पीतलनगरी थाना कटघर जनपद मुरादाबाद के रुप में हुई हैं। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वृद्ध किसान से उन्होंने ही रकम हड़पी थी। इसमें उनका एक अन्य साथी भी शामिल था। जो कि अभी फरार है। घटना के बाद तीनों ने आपस में 33-33 हजार रुपये बांट लिए थे। आरोपियों के पास से हड़पी गई रकम में से 45 हजार रुपये, एक फर्जी नोट की गड्डी और अवैध असलहे बरामद किए गए हैं। उपचार के बाद पुलिस ने दोनों का चालान कर जेल भेज दिया है।