बेरहम बुआ: खुद चलाई मोटरसाइकिल... साथी से भतीजे को रुकवाकर मरवाई गोली; पुलिस पूछताछ में उगले हर राज
बीते 21 मार्च को जहांगीराबाद के गांव बांसुरी में किशोर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की गई थी। दो आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और बाइक को भी बरामद किया है।
विस्तार
बुलंदशहर के जहांगीराबाद के गांव बांसुरी में 16 वर्षीय निखिल की हत्या उसकी रिश्ते में बुआ लगने वाली सोनिया व उसके साथी ने की थी। जबकि, इस पूरे प्रकरण में सोनिया का भाई राहुल व एक अन्य युवक भी शामिल था। पुलिस ने आरोपी बुआ सोनिया और चाचा राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, हत्या को अंजाम देने वाला आरोपी व साजिश में शामिल एक अन्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पूछताछ में आरोपी सोनिया ने बताया कि उसने अपने भाई आकाश की हत्या का बदला लेने के लिए निखिल को मौत के घाट उतारा।
गत 21 मार्च की दोपहर को जहांगीराबाद के गांव बांसुरी में निखिल की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। निखिल हाईस्कूल का छात्र था। कोतवाली पुलिस ने मृतक के पिता दिनेश की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। स्वाट टीम देहात और जहांगीराबाद पुलिस ने घटना की जांच करते हुए आरोपी सोनिया उर्फ सोनू और उसके भाई राहुल निवासी प्रेमनगर, कश्मीरी कॉलोनी नजफगढ़ थाना छावला दक्षिण-पश्चिम नई दिल्ली को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में छात्र निखिल की हत्या को अंजाम देना कबूल किया है। मृतक निखिल घटना की आरोपी सोनिया उर्फ सोनू के फुफेरे भाई का पुत्र था। करीब दो साल से मृतक निखिल के परिवार और आरोपी सोनिया के परिवारों के मध्य रंजिश चल रही है। इस घटना को रंजिश के चलते अंजाम दिया गया था। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल, पांच कारतूस और एक बाइक बरामद हुई है।
पढ़ें- प्यार का कत्ल: सौरभ के दिल पर चाकू से तीन वार, साल में 1800 पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर नहीं भूल पा रहे मंजर
पुलिस पूछताछ में आरोपी सोनिया उर्फ सोनू ने खुलासा किया कि उसकी बुआ की शादी जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव बांसुरी में हुई थी। बुआ के घर पर उसका आना-जाना लगा रहता था। करीब दो साल पहले वर्ष 2023 में उसके फुफेरे भाई दिनेश की पुत्री उसके साथ चली गई थी, जिसके संबंध में कोतवाली जहांगीराबाद में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस केस में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। करीब 15 माह पहले सोनिया के भाई आकाश की हत्या कर दी गई, जिसके संबंध में दिल्ली पुलिस ने फुफेरे भाई का दूसरा पुत्र तरुण समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
उधर, सोनिया ने जेल से जमानत पर आने के बाद अपने भाई राहुल और दोस्त समेत अन्य आरोपियों के साथ मिलकर फुफेरे भाई दिनेश और उसके पुत्र निखिल की हत्या की साजिश थी। इसके तहत घटना वाले दिन आरोपी सोनिया उर्फ सोनू बाइक पर अपने दोस्त के साथ गांव बांसुरी आई और फुफेरे भाई के घर के आसपास घूमते हुए उनके और उनके पुत्र निखिल के आने का इंतजार करने लगे। कुछ देर बाद निखिल साइकिल चलाते हुए वहां पहुंचा तो उसे रास्ते में रोककर उसकी गोली मारकर हत्या कर फरार हो गए। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने पूछताछ कर दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
बाइक को चला रही थी आरोपी सोनिया
पुलिस के अनुसार निखिल हत्याकांड को अंजाम देने के लिए सोनिया ने पूरी साजिश रची थी। उसी के तहत उसने बाइक चलाई, जबकि उसके साथी ने निखिल को रोककर उसे दो गोली मार दी। बीते एक साल में तीन-चार बार उसके द्वारा फुफेरे भाई और उसके पुत्र की हत्या किए जाने का प्रयास किया गया था।
निखिल हत्याकांड में पुलिस ने दो नामजद आरोपी गिरफ्तार किए हैं। दोनों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। जबकि, हत्या करने आया आरोपी सोनिया का दोस्त व एक अन्य युवक अभी फरार हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। -श्लोक कुमार, एसएसपी
पढ़ें- पूर्व मंत्री की बहू की मौत: बेडरूम में इस हाल में मिले प्रेमी और पति, तीनों बंद कमरे में कर रहे थे शराब पार्टी