गाजियाबाद। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के तीन सदस्यों की टीम ने बृहस्पतिवार को विकास भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सदस्यों में मेलाराम पंवार, रमेश कश्यप और प्रमोद सैनी शामिल रहे। बैठक के दौरान पिछड़ा वर्ग के लोगों को मिलने वाली शादी अनुदान की राशि को बढ़ाने, योजनाओं का लाभ लेने के लिए आय सीमा को बढ़ाने के लिए शासन से मांग करने पर विचार किया गया। सदस्य मेलाराम पंवार ने पिछड़ा वर्ग के लोगों को कोटे के आधार पर प्राथमिकता देने की बात कही। पिछड़ा वर्ग कल्याण से संबंधित योजनाओं को सभी लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। रमेश कश्यप और प्रमोद सैनी ने कहा कि सभी विभाग श्रेणीवार अपने पास कर्मचारियों को डेटा रखें और ओ लेवल कोर्स का प्रचार-प्रसार किया जाए। सदस्यों ने सभी विभाग में ऑउटसोर्स से नियुक्त कर्मचारियों में पिछड़ा वर्ग की जातियों का अनुपात के बारे में भी विस्तृत जानकारी ली। इसके अलावा समाज कल्याण विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, मत्स्य विभाग, कृषि विभाग, जिला दिव्यांगजन कल्याण विभाग सहित सभी विभागों से कर्मचारियों के अनुपात की जानकारी ली इसके साथ ही पिछड़ा वर्ग की जातियों को किस-किस योजना में लाभ मिला है इसकी जानकारी ली। जिन विभागों के पास इसकी जानकारी नहीं थी उनको पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ अभिनव गोपाल, एडीएम ई रणविजय सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।