Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   Shivpal met Azam through the mesh partition; said, "Now, the hope lies with the court.

Ghaziabad News: जाली के पार से आजम से मिले शिवपाल, बोले- अब न्यायालय से उम्मीद

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Fri, 13 Nov 2026 12:17 AM IST
विज्ञापन
Shivpal met Azam through the mesh partition; said, "Now, the hope lies with the court.
गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने बृहस्पतिवार को डासना स्थित जिला कारागार पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने जेल की व्यवस्था और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि 10 बार विधायक, चार बार मंत्री और दो बार सांसद रह चुके आजम खां से लोहे की जाली के पार से मुलाकात कराई गई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में सपा की सरकार बनने पर जेलों में इस तरह जाली के पीछे से मुलाकात कराने की व्यवस्था समाप्त कराई जाएगी।
विज्ञापन

शिवपाल यादव ने आजम खां के साथ कथित अमानवीय व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध के तहत कार्रवाई की जा रही है। आजम खां पर दर्ज मुकदमों को उन्होंने झूठा बताया। आरोप लगाया कि जेल में आजम खां की हत्या की कई बार कोशिश की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आजम खां का कसूर सिर्फ इतना है कि उन्होंने गरीबों के लिए विश्वविद्यालय बनाया और वह मुसलमान हैं। मौजूदा सरकार से न्याय की उम्मीद नहीं है। अब उन्हें केवल न्यायपालिका पर भरोसा है।
विज्ञापन

हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद 31 अक्तूबर को रामपुर जेल से रिहा होते ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम खां को गिरफ्तार कर लिया था। एक नवंबर को विशेष पीएमएलए अदालत में पेशी के बाद से वह न्यायिक हिरासत में डासना जिला कारागार में बंद हैं। बृहस्पतिवार को अदालत ने उन्हें चार दिन की ईडी की हिरासत में भेज दिया। मामले में अगली सुनवाई 16 नवंबर को होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

----
आजम ने दिया आश्वासन, मिलकर वर्ष 2027 में बनाएंगे सरकार
शिवपाल ने मीडिया को बताया कि उनके और आजम खां के बीच आत्मीय व पारिवारिक रिश्ते हैं। उन्होंने कहा कि आजम खां ने आश्वासन दिया है कि सभी लोग मिलकर वर्ष 2027 में सरकार बनाएंगे। शिवपाल ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी हर परिस्थिति में आजम खां के साथ खड़ी है। आजम खां सपा में ही रहेंगे और अगला विधानसभा चुनाव भी पार्टी के टिकट पर लड़ेंगे।
----
चंद्रशेखर के नए मोर्चे पर साधी चुप्पी
जेल से निकलने के बाद शिवपाल यादव डासना स्थित रोहन एन्क्लेव में पूर्व विधायक असलम चौधरी के आवास पर पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत में उनसे आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की ओर से सपा और कांग्रेस के साथ मिलकर सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के प्रस्ताव व नए मोर्चे के गठन को लेकर सवाल किया गया। इस पर शिवपाल ने कहा कि वह लगातार लोगों के बीच जा रहे हैं और सभी के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। समय आने पर सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।
-----
मुस्लिम समाज के सपा के साथ होने का दावा
मुस्लिम वोट बैंक के बिखराव और दूसरे दलों की दावेदारी से जुड़े सवाल पर शिवपाल ने कहा कि मुस्लिम समाज पूरी मजबूती के साथ समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा है। इसमें बिखराव की कोई गुंजाइश नहीं है। बातचीत के दौरान समर्थकों की भारी भीड़ और शोरगुल के बीच उन्होंने लोगों से शांत रहने की अपील भी की। रोहन एन्क्लेव से शिवपाल डासना के मोहल्ला दस बीसा पहुंचे। यहां उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व जिलाध्यक्ष साजिद हुसैन से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान साजिद हुसैन के बेटे और सपा जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन भी मौजूद रहे।

-----
मंदिर जाना सभी का अधिकार
अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या स्थित राम मंदिर जाने के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि मंदिर जाना सभी का अधिकार है। उन्होंने कहा कि मंदिर जाने का कोई विरोध नहीं कर रहा है, सिर्फ भाजपा इसका दुष्प्रचार कर रही है। भगवान कण-कण में हैं और कोई भी कहीं भी उनकी पूजा कर सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed