गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की चित्रावन सोसायटी के निकट खाली प्लॉट में ईंट से वारकर की गई गोपी की हत्या की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस ने आदर्श कॉलोनी के आकाश को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का मोबाइल गोपी ने छीन लिया था, इसलिए उसने कहासुनी होने के बाद उसकी हत्या कर दी।
एसीपी लिपी नगायच ने बताया कि एक फरवरी को चित्रावन सोसायटी के पास खाली प्लॉट में गोपी लहूलुहान हालत में मिला था। उसकी बुरी तरह पिटाई गई थी और सिर में ईंट से कई वार किए गए थे। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 14 फरवरी को चिकित्सकों ने गोपी को मृत घोषित कर दिया। छानबीन में पता चला कि गोपी चित्रावन सोसायटी के पास खाली पड़े मैदान में गया था। वहां आकाश बैठकर अपना मोबाइल देख रहा था। तभी गोपी ने उसका मोबाइल छीन लिया। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद आकाश ने उसको थप्पड़ मार दिया। गोपी ने गुस्से में उसको गाली दी तो विवाद और बढ़ गया। इसी बात से गुस्साए आकाश ने गोपी को धक्का मार दिया और फिर सिर में ईंट से कई वार किए। उसको मृत समझकर आरोपी वहां से फरार हो गया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर खून से सनी ईंट को भी बरामद कर लिया गया।