एलिवेटेड रोड पर बर्थडे सेलिब्रेशन: बाइक की सीट पर रखकर काटा केक, वीडियो हुआ वायरल, पुलिस ने सात को दबोचा
डीसीपी ट्रांस हिंडन जोन विवेक चंद्र ने बताया कि एलिवेटेड रोड पर जन्मदिन पार्टी के दौरान आड़े-तिरछे वाहनों को खड़ाकर उत्पात मचाने वाले सात युवकों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
एलिवेटेड रोड पर पुलिस के कड़े पहरे के बीच शनिवार रात दिल्ली में रहने वाले सात दोस्तों ने केक काटकर जन्मदिन का जश्न मनाया। इतना ही नहीं, युवकों ने फोन पर गाने बजाकर झूम-झूमकर डांस भी किया। सीसीटीवी कैमरों से कंट्रोलरूम की स्क्रीन पर जन्मदिन पार्टी की फुटेज देखकर इंचार्ज ने एलिवेटेड पर तैनात पीसीआर को सूचना दी। हरकत में आए पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर युवकों को पकड़ लिया। उनसे केक और अन्य सामान कब्जे में लेकर कार्रवाई की।
डीसीपी ट्रांस हिंडन जोन विवेक चंद्र ने बताया कि एलिवेटेड रोड पर जन्मदिन पार्टी के दौरान आड़े-तिरछे वाहनों को खड़ाकर उत्पात मचाने वाले सात युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें अरमान निवासी मयूर विहार फेज-1, धीरज निवासी शशी गार्डन पांडवनगर, दानिश, समीर, जानिब, शाहरुख और अलामीन निवासी रामप्रसाद बिस्मिल कम्पाउंड पटपड़गंज शामिल हैं। इनकी बाइक और स्कूटी को सीज कर दिया है।
डीसीपी का कहना है कि एलिवेटेड रोड पर जन्मदिन पार्टी या अन्य तरह से वाहन खड़ा कर कार्यक्रम आयोजित करना मना है। वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए जगह-जगह बैनर-बोर्ड लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस की सक्रियता के बीच काटा केक
एलिवेटेड रोड पर पूर्व में लगातार केक काटकर जश्न मनाने और गाड़ी में तेज म्यूजिक पर डांस या फिर रील बनाने की वीडियो वायरल होती रहती थी। हादसे की आशंका के बीच तत्कालीन डीसीपी डॉ. दीक्षा शर्मा के आदेश पर इंदिरापुरम, कौशांबी, साहिबाबाद और नंदग्राम थाना क्षेत्र की पीसीआर पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी थी। 24 घंटे में हर पीसीआर पर चार-चार पुलिसकर्मियों को आठ-आठ घंटे यहां ड्यूटी करनी होती है। शनिवार रात बाइक और स्कूटी सवार दिल्ली के सात युवकों ने काफी आसानी से केक काटा और जन्मदिन पार्टी में फोन पर म्यूजिक बजाकर डांस भी किया। इससे बीच पुलिस की सक्रियता सवालों के घेरे में आ गई।
पूर्व में हुईं पुलिस की कार्रवाई
27 जनवरी : साहिबाबाद कोतवाली पुलिस ने कार से एलिवेटेड रोड पर हुड़दंग करते तीन युवक पकड़े
22 जनवरी: एलिवेटेड रोड पर कार खड़ी कर रील बनाती युवती को पकड़कर 17 हजार का चालान काटा।
22 जनवरी: बाइक सवार युवक का एलिवेटेड रोड पर स्टंट करते वीडियो वायरल, नंदग्राम पुलिस ने पकड़ा
15 जनवरी: एलिवेटेड रोड पर कार से हुड़दंग करते दो युवकों को पकड़ा
28 दिसंबर: कार के बोनट पर बैठकर हुक्का पीते युवक को नंदग्राम पुलिस ने पकड़ा
10 दिसंबर: कार खड़ी कर दंपती और एक युवती को कौशांबी पुलिस ने पकड़ा, गाड़ी सीज 27 सितंबर: जन्मदिन पार्टी मनाकर हुड़दंग करने वाले 21 युवकों को साहिबाबाद पुलिस ने पकड़ा
25 सितंबर: कार की बोनट पर केक काटकर जन्मदिन मनाते चार युवक साहिबाबाद पुलिस ने पकड़े
20 सितंबर: एलिवेटेड पर जन्मदिन की पार्टी करते पांच युवक इंदिरापुरम पुलिस ने पकड़े
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.