Video: ट्रेन का AC खराब होने पर यात्रियों ने किया हंगामा, 35 मिनट रोकी गई गाड़ी; दूसरी ट्रेन हुई 40 मिनट लेट
दोपहर तीन बजकर 25 मिनट पर खुर्जा जंक्शन आने पर यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन को रुकवा दिया। ठहराव नहीं होने पर ट्रेन रोके जाने पर खुर्जा जंक्शन स्टेशन अधीक्षक व जीआरपी प्रभारी मोनू सिंह व अन्य लोग मौके पर पहुंचे।
विस्तार
पुरानी दिल्ली जंक्शन से गया जंक्शन जाने वाली गया स्पेशल ट्रेन का एसी खराब होने पर यात्रियों ने खुर्जा जंक्शन पर हंगामा किया। इसके चलते करीब 35 मिनट तक ट्रेन को खुर्जा जंक्शन पर रोका गया। स्टेशन अधीक्षक ने यात्रियों को समझा कर शांत किया, जिसके बाद ट्रेन को अलीगढ़ के लिए रवाना कर दिया गया। इसी के चलते लखनऊ जाने वाली गोमती एक्सप्रेस को 40 मिनट के लिए स्टेशन पर रोकना पड़ा।
पुरानी दिल्ली से चलकर बिहार के गया जंक्शन जाने वाली गया स्पेशल 03698 सोमवार दोपहर को 12 बजे के बाद पुरानी दिल्ली से रवाना हुई थी। इसमें एसी कोच डी-1 में तकनीकी खराबी के कारण एसी नहीं चल रहा था। ऐसे में यात्रियों ने पहले आनंद विहार स्टेशन पर इसकी शिकायत की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। बाद में गाजियाबाद स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर यात्रियों ने कहा तो कोई सुनवाई नहीं हुई।
दोपहर तीन बजकर 25 मिनट पर खुर्जा जंक्शन आने पर यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन को रुकवा दिया। ठहराव नहीं होने पर ट्रेन रोके जाने पर खुर्जा जंक्शन स्टेशन अधीक्षक व जीआरपी प्रभारी मोनू सिंह व अन्य लोग मौके पर पहुंचे। जहां डी-1 में बैठे यात्रियों ने रेलवे स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। यात्रियों का आरोप था कि जब ट्रेन के चलने से पहले एसी की जांच नहीं हुई और शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही।
करीब 30 मिनट तक यात्रियों और स्टेशन अधीक्षक घनश्याम मीणा के बीच नोंक-झोंक चलती रही। स्टेशन अधीक्षक ने संबंध में अलीगढ़ स्टेशन पर वार्ता और एसी की समस्या के लिए अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने यात्रियों से अलीगढ़ में एसी की समस्या दूर करने का आश्वासन दिया। लगभग चार बजे ट्रेन को अलीगढ़ के लिए रवाना कर दिया गया।
वहीं, प्लेटफार्म नंबर-2 पर गया स्पेशल ट्रेन के रुकने के कारण नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली गोमती एक्सप्रेस को प्लेटफार्म नंबर-4 पर शिफ्ट कर रोका गया। गया स्पेशल के रवाना होने के पांच मिनट बाद गोमती एक्सप्रेस को रवाना किया गया। ऐसे में गोमती एक्सप्रेस भी करीब 40 मिनट तक खुर्जा जंक्शन स्टेशन पर खड़ी रही।
पुरानी दिल्ली से गया जंक्शन जाने वाली स्पेशल ट्रेन के डी-1 कोच में एसी नहीं चल रहा था। इसी के चलते यात्रियों ने चेन को खींचकर कर ट्रेन को रुकवाया था। करीब 35 मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। इसके बाद ट्रेन को अलीगढ़ के लिए रवाना कर दिया गया। इससे केवल गोमती एक्सप्रेस का समय प्रभावित हुआ। अन्य ट्रेन अन्य ट्रैक से रवाना की गई। - घनश्याम मीणा, स्टेशन अधीक्षक