गड्ढे ने लील ली एक जिंदगी: गंगनहर मार्ग पर बेकाबू बाइक से गिरे मां-बेटा, महिला की मौत और बच्चे की हालत गंभीर
एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि सड़क किनारे बने गड्ढे के कारण हादसा हुआ है, जिसमें महिला की मौत हो गई, मामले में कोई तहरीर नहीं आई है।
विस्तार
गंगनहर मार्ग पर डिडौली गांव के पास स्थित जीवन आशा अस्पताल के पास सड़क पर बने गड्ढे में बाइक का पहिया गिर गया। बाइक अनियंत्रित हो गई, जिसके कारण उछलकर बाइक पर बैठी महिला व उनका पांच माह का बेटा सड़क पर जा गिरे। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि बच्चे की हालत गंभीर बनी है।
दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी शुभम कुमार बाइक से मंगलवार को अपनी पत्नी रीना (24) व पांच माह के बेटे आयुष के साथ मेरठ सरूरपुर के कस्बा हर्रा गांव अपनी ससुराल जा रहे थे, दोपहर करीब 12 बजे गंगनहर मार्ग पर डिडौली गांव के पास स्थित जीवन आशा अस्पताल के पास पहुंचे तो अचानक उनकी बाइक का पहिया सड़क पर बने गड्ढे में आ गया।
जिसके कारण बाइक अनियंत्रित हो गई, बाइक के पीछे बैठी रीना व उनका बेटा आयुष उछलकर सड़क पर जा गिरा, वहां से गुजर रहे राहगीरों ने महिला व उनके बेटे को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर्स ने रीना को मृत घोषित कर दिया। जबकि आयुष को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया।
गड्ढा मुक्त नहीं है गंगनहर मार्ग
मुरादनगर गंगनहर पुल से कस्बा निवाड़ी तक की दूरी करीब 12 किमी है। रोजाना हजारों की संख्या में गंगनहर मार्ग से वाहन गुजरते हैं। हरिद्वार व अन्य स्थान पर जाने के लिए लोग इस मार्ग से होकर जाते हैं। इस मार्ग पर काफी गड्ढे बने हैं, जिसके कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।