बदमाशों ने दूल्हे की लूटी कार: बहन-बहनोई भी थे गाड़ी में... तमंचे के बल पर की वारदात; सहारनपुर जा रही थी बरात
ब्रजघाट पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका साथी फरार है। पुलिस ने लूटी हुई कार के अलावा तमंचा और चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के पलवल से दूल्हे की पिटाई करने के बाद कार लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूटी गई कार, दूल्हे का सामान और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। आरोपियों का एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए है। फरार आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि शनिवार की रात ब्रजघाट चौकी प्रभारी इंद्रकांत यादव पुलिसकर्मियों को साथ लेकर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पलवाड़ा-ब्रजघाट मार्ग पर गांव पलवाड़ा की तरफ से कार आती दिखाई दी। चालक को कार रोकने का इशारा दिया गया, लेकिन उसने रफ्तार बढ़ा कर हाईवे से होते हुए भागने की कोशिश की। संदेह होने पर टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने हड़बड़ी में कार पार्किंग में उतार दी। चालक कार से उतरकर रेलवे लाइन पार करते हुए जंगल में छिपकर फरार हो गया। लेकिन, पुलिस टीम ने कार में सवार दो लोगों को पकड़ लिया। जिनके पास तमंचा और कारतूस बरामद हुए।
पलवल हाईवे से लूटी थी दूल्हे की कार
गिरफ्तार बदमाशों ने अपने नाम वासु चौधरी और कुनाल निवासी नंदग्राम गाजियाबाद बताए हैं। वहीं, अपने फरार साथी का नाम शिवम चौधरी निवासी नंद्रग्राम गाजियाबाद बताया। बदमाशों ने बताया कि शुक्रवार की रात उन्होंने पलवल एक्सप्रेसवे से दूल्हे को आतंकित कर कार लूटी थी। जिसकी नंबर प्लेट उतार कर अंदर रख ली थी।
बरात की बस का इंतजार कर रहा था दूल्हा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा दिए गए बयान के बाद पुलिस ने हरियाणा के पलवल जनपद के थाना कैंप पुलिस से संपर्क किय तो मालूम हुआ राजस्थान के भरतपुर निवासी चंद्रप्रकाश बरात लेकर सहारनपुर के लिए जा रहा था। थाना क्षेत्र में वह रुककर अपनी बहन चंद्रकला, बहनोई मोनू, गाड़ी चालक विशाल सैनी के साथ बरात की बस का इंतजार कर रहा था। तभी बदमाशों ने उनको हथियारों के बल पर आतंकित करते हुए लूट की घटना को अंजाम देकर वहां से फरार हो गए थे। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट भी दर्ज कर बदमाशों की तलाश की थी।
पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने लूटी गई कार, तमंचे और चाकू को कब्जे में ले लिया गया है। तीनों बदमाशों के खिलाफ बीएनएस 317(2) के तहत चोरी का माल बरामद होने और आयुध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं, फरार बदमाश की तलाश की जा रही है।