Income Tax Raid: गाजियाबाद और नोएडा में 12 फर्मों की जांच में नौ निकलीं फर्जी, पकड़ी गई 73 करोड़ की टैक्स चोरी
अप्रैल माह में राज्य कर विभाग ने गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर सहित अन्य जिलों में जांच कर 128 करोड़ की टैक्स चोरी का पर्दाफाश किया था। इनमें विभाग ने अलग-अलग थानों में 24 तहरीर दी थी। 10 मामलों में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
राज्य कर विभाग ने गाजियाबाद और नोएडा में रेडीमेड गारमेंट की 12 फर्मों को चिन्हित कर छापा मारा। इनमें से जांच में नौ फर्म फर्जी मिली हैं। अधिकारियों का दावा है कि इन फर्मों ने दिल्ली में पंजीकृत फर्मों से खरीद-फरोख्त की। जब उन फर्मों की जांच की गई तो 1148.29 करोड़ का लेन-देन कर 73 करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी गई है।
अपर आयुक्त राज्य कर आईएएस अदिति सिंह ने बताया कि टैक्स चोरी में लिप्त रेडीमेड गारमेंट की 12 फर्मों को गाजियाबाद और नोएडा में चिन्हित किया गया था। पांच टीमें बनाकर इन फर्मों पर छापा मारा गया। इस दौरान नौ फर्म का मौके पर अस्तित्व नहीं मिला। इन फर्म की जगह खाली दुकानें या अन्य प्लॉट मिले। बाकी तीन फर्मों में व्यापारिक गतिविधि पायी गई। तीन फर्म में से आरए सिल्क इंटरनेशनल की जांच में स्टॉक में हेरफेर मिलने पर 1.52 करोड़ रुपये का कर और अर्थदंड जमा कराया गया है।
उन्होंने बताया कि फर्जी दस्तावेजों पर फर्मों से जीएसटी नंबर हासिल किया है और केवल ई-वे बिल बनाकर आईटीसी का लाभ लिया जा रहा है। इन सात फर्मों ने राज्य से बाहर दिल्ली में पंजीकृत 32 बोगस फार्म की चेन बनाकर 1148.29 करोड़ क कारोबार दिखाया और 73.98 करोड़ की आईटीसी का लाभ लिया है।
अपर आयुक्त ने बताया कि दिल्ली की फर्मों की अनौपचारिक जांच कराई गई तो इनमें से अधिकांश फर्म अस्तित्वहीन मिलीं हैं। इन फर्मों की जानकारी दिल्ली में विभाग के अधिकारियों को दी गई है।
फर्म की जगह चल रहा था क्लीनिक
इंदिरापुरम में पंजीकृत जी-12 गणपति ट्रेडर्स की जांच करने के लिए जब अधिकारी पहुंचे तो मौके पर फिजियोथैरिपी क्लीनिक चलता मिला। ऐसे ही अलग-अलग जगह फर्म की जगह दुकानें मिलीं, जिन पर किराए के लिए सूचना और मोबाइल नंबर अंकित थे।
- गणपति ट्रेडर्स, इंदिरापुरम
- एक्सट्रीम इंटरनेशनल, इंदिरापुरम
- सुपर्ब एंटरप्राइजेज, इंदिरापुरम
नोएडा में मिलीं बोगस फर्म
- सर्वश्री अंबिका ट्रेडर्स, वीर प्रधान सिंह मार्केट सेक्टर-141
- सर्वश्री जीत ट्रेडर्स, वीर प्रधान सिंह मार्केट सेक्टर-141
- सर्वश्री कालका ट्रेडर्स, वीर प्रधान सिंह मार्केट सेक्टर-141
- सर्वश्री सिंबा ट्रेडिंग कंपनी, वीर प्रधान सिंह मार्केट सेक्टर-141
- सर्वश्री वान्या फैशन, डी-91, सेक्टर-छह
- सर्वश्री अंजनी फैशन, डी-51, सेक्टर-सात
सभी फर्मों के जीएसटी नंबर रद्द कराए गए हैं। फर्जी फर्मों से कर और अर्थदंड की वसूली का प्रयास किया जा रहा है। इन फर्मों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। - अदिति सिंह, अपर आयुक्त, गाजियाबाद जोन-2, राज्य कर