फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   Haj House has ground to Kanwar Yatra will center

हज हाउस को मिली जमीन, कांवड़ यात्रा के लिए भी बनेगा सेंटर

Fri, 15 Jul 2016 12:41 AM IST
ब्यूरो,अमर उजाला गाजियाबाद
ब्यूरो,अमर उजाला गाजियाबाद Updated Fri, 15 Jul 2016 12:41 AM IST
विज्ञापन
Haj House has ground to Kanwar Yatra will center
नगर ‌निगम - फोटो : अमर उजाला
हज हाउस को जमीन देने के प्रस्ताव पर बृहस्पतिवार को नगर निगम की बोर्ड बैठक में जमकर हंगामा हुआ। इस प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई तो भाजपा पार्षद राजेंद्र त्यागी ने विरोध शुरू कर दिया।
विज्ञापन


उधर, विपक्ष हज हाउस को जमीन देने पर एकजुट हो गया। करीब आधे घंटे हंगामे के बाद जमीन पर मालिकाना हक आजीवन नगर निगम का रहने और जमीन का इस्तेमाल केवल पार्किंग के तौर पर किए जाने की शर्त पर जमीन देने का प्रस्ताव पास कर दिया।
विज्ञापन


इसके साथ ही कांवड़ यात्रा के लिए भी 20 हजार वर्ग मीटर जमीन देने का प्रस्ताव भी पास किया गया। पार्षद राजेंद्र त्यागी का कहना था कि नगर निगम अधिकारी जब पहले ही जमीन दे चुके हैं और एक करोड़ रुपया खर्च कर उसकी बाउंड्रीवाल किया जा चुका है तो फिर सदन में प्रस्ताव क्यों लाया गया। यह सदन का अपमान है। उनके समर्थन में भाजपा के कई अन्य पार्षद भी आ गए।
विज्ञापन
विज्ञापन


इस पर विपक्ष एकजुट हो गया और हज हाउस को जमीन देने की मांग कर हंगामा करने लगे। पार्षद जाकिर सैफी मेयर और नगर आयुक्त की कुर्सी के सामने धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में फारुख सैफी, आदिल मलिक, हाजी अजीमुद्दीन, रहीसुद्दीन समेत कई पार्षद भी धरने पर बैठ गए। काफी देर तक हंगामा चला और बाद में मेयर व नगर आयुक्त के समझाने पर पार्षद शांत हुए।

महापौर ने निगम अधिकारियों ने बिना प्रस्ताव पास कराए दिए जाने पर जवाब मांगा। संपत्ति अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि अभी जमीन नहीं दी गई है। काफी मंथन के बाद बोर्ड ने केवल हज हाउस की पार्किंग के लिए जमीन देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी, लेकिन इसके साथ ही कांवड़ियों के लिए भी 20 हजार वर्ग मीटर जमीन की मांग की।

निगम ने इस प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी। महापौर अशु वर्मा ने भी इस प्रस्ताव को प्रमुखता से उठाया और मंजूरी दिलाई। महापौर का कहना है कि मेरठ रोड पर जमीन की तलाश कर जल्द ही इसे चिह्नित कर लिया जाएगा।

कर्मचारियों का वेतन बढ़ोतरी का प्रस्ताव पास
नगर निगम ने बोर्ड प्रस्ताव, संविदा, आउट सोर्सिंग, कांशीराम योजना के अंतगर्त नियुक्त किए गए कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने के प्रस्ताव को बोर्ड से भी मंजूरी दे दी है। इनका वेतन 7500 रुपये से बढ़ाकर 15 हजार 300 रुपये प्रतिमाह किया जाएगा।

सदन से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब इसे शासन को भेजा जाएगा। बढ़े वेतन को नगर निगम द्वारा वहन करने की शर्त पर शासन से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। निगम के इस निर्णय से हजारों की संख्या में कर्मचारी लाभान्वित होंगे। इस मांग को लेकर नगर निगम में बीते दिनों करीब 20 दिन तक धरना-प्रदर्शन चला था।

लकी ड्रा से चुने गए पांच वार्ड बनेंगे आदर्श
शहर में पांच वार्ड को नगर निगम आदर्श वार्ड बनाएगा। 80 में से पांच वार्डों के चयन पर सभी पार्षदों में विवाद था। ऐसे में बृहस्पतिवार को बोर्ड बैठक के अंत में महापौर ने इन वार्डों के चयन के लिए लकी ड्रॉ कराया। हर जोन के वार्र्डों के नामों की पर्चियां अलग-अलग डाली गई।

इनमें मोहननगर जोन में शालीमार गार्डन और इससे जुड़े एरिया वाले वार्ड नंबर-9 को चयनित किया गया। सिटी जोन में राकेश मार्ग, नेहरू नगर थर्ड वाले वार्ड-39 को, कविनगर जोन में अवंतिका, महिंद्रा एंकलेव, चिरंजीव विहार वाले वार्ड-34 को, वसुंधरा जोन में कौशांबी और भोवापुर वाले वार्ड-41 को और विजयनगर जोन में डूंडाहेड़ा, भीमनगर, शांति नगर, सैन विहार वाले वार्ड-23 को आदर्श योजना के लिए चुना गया।

नगर निगम इन वार्डों सबसे स्वच्छ और सभी सुविधाओं से लैस करेगा। खुले में शौच फ्री बनाने के लिए सामुदायिक और सार्वजनिक टॉयलेट्स का निर्माण करेगा। सड़क, सीवर, नाली, स्ट्रीट लाइट और पार्कों को डेवलप करेगा।

निगम की सीमा में शामिल होंगे गांव
नगर निगम की सीमा का विस्तार करने के लिए कई गांवों को सम्मलित किया जाएगा। इनमें मोहिउद्दीनपुर कनावनी, मोरटी, भोवापुर, अटौर, नगला मोहन फिरोजपुर, मटियाला, निस्तौली, अफजलपुर, टीला शाहबाजपुर और भारत सिटी को शामिल किया जाएगा।

इस मसले पर नगर निगम पार्षदों और अफसरों की ज्वाइंट कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी 10 दिन में ऐसे क्षेत्रों के नाम फाइनल करेगी जो नगर निगम की सीमा से सटे हुए होंगे। इन्हीं क्षेत्रों को निगम की सीमा में शामिल करने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। नगर आयुक्त अब्दुल समद के मुताबिक एक महीने के भीतर गांवों को निगम सीमा में शामिल करने का प्रस्ताव फाइनल कर शासन को भेजना होगा।

अन्य महत्वपूर्ण फैसले
आउट सोर्सिंग पर तैनात होंगे तहसीलदार-नायब तहसीलदार
निगम में बनेगी चौकी, दो दरोगा और 10 सिपाही होंगे तैनात
40 करोड़ के बजट से वार्डों में सड़क, इंटरलाकिंग, सीवर-नाली निर्माण को मंजूरी मिली
प्राइवेट बिल्डरों से लैंड एक्सचेंज के प्रस्ताव सशर्त पास
सुदामापुरी में कब्रिस्तान को जमीन देगा निगम
हर वार्ड में 25-25 ट्यूब लाइट्स, 3-3 झूला सेट और बेंच लगेंगी
वार्डों में आउट सोर्सिंग पर रखे जाएंगे सफाई-सीवर कर्मचारी
डंपिंग ग्राउंड की लड़ाई लड़ने के लिए बदला जाएगा वकीलों का पैनल
फूड वैन के लाइसेंस निरस्त करेगा निगम
दशमेश वाटिका को अपने खर्च पर डेवलप करेगा निगम
मेयर हाउस और गेस्ट हाउस बनाएगा नगर निगम
मोहल्लों में मकानों को मिलेंगे हाउस नंबर
हिंडन किनारे लगेगा 200 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज
राकेश मार्ग की पानी की टंकी को चालू कराया जाएगा
दूधेश्वरनाथ मंदिर रोड से कबाड़ियों को शिफ्ट किया जाएगा
स्वतंत्रता सेनानी विजय सिंह पथिक के नाम पर कन्या इंटर कालेज का होगा निर्माण
हिंडन विहार में बड़ा चिल्ड्रेन पार्क बनाया जाएगा
शहर में वाटर एटीएम की शर्तों को किया पास
सहायक अभियंता की सेवा को एक साल का विस्तार मिला
विधायकों की तर्ज पर पार्षदों को प्लाट दिए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा
जस्सीपुरा मोड पर दूधेश्वरनाथ मंदिर के नाम से गेट बनाया जाएगा
लैंड एक्सचेंज के चार प्रस्तावों को डिटेल के साथ किया जाएगा पेश

अवंतिका टेकओवर मुद्दे पर हुआ हंगामा
बोर्ड बैठक की शुरूआत में ही अवंतिका कालोनी को टेकओवर करने के प्रकरण पर जमकर हंगामा हुआ। पार्षदों ने निगम अफसरों पर बिल्डर से मिलीभगत और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

अवंतिका के पार्षद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि अभी तक नगर निगम अधिकारियों की कमेटी ने जांच शुरू भी नहीं की है। जबकि दो महीने पहले ही रिपोर्ट सौंपी जानी थी। महापौर ने आश्वस्त किया कि भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चीफ इंजीनियर आरके मित्तल को 10 दिन में जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

अंडरपास में जलभराव पर भड़के पार्षद
गोशाला अंडरपास में हल्की बारिश में ही जलभराव की समस्या पर वार्ड-27 के पार्षद धीरेंद्र यादव बिल्लू ने विरोध किया। उन्होंने अफसरों पर उदासीनता का आरोप लगाया। हालांकि महापौर ने इस समस्या के लिए पैसा स्वीकृत होने और जल्द ही काम शुरू कराने का आश्वासन देकर मामला शांत करा दिया।

सिहानी गेट थाने में बनेगा कूड़ा सेंटर
नगर निगम अंडरग्राउंड कूड़ा कलेक्शन सेंटर बनाने के लिए सिहानी गेट थाने से एक कोने में जगह लेगा। इसमें कवर्ड अंडरग्राउंड कूड़ाघर बनाया जाएगा ताकि बदबू न आए। फिलहाल थाने के बगल में सड़क पर कूड़ा डाले जाने से आवागमन में परेशानी हो रही है।

रिवाल्वर लेकर सदन में पहुंचे कई पार्षद
नगर निगम की मीटिंग में असलहा लेकर आने पर रोक है। बावजूद इसके कई पार्षद अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर सदन में पहुंच गए। यह स्थिति तब थी जब सदन के बाहर चेकिंग के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल था और डोर मेटल डिटेक्टर भी लगाया हुआ था। एक महिला पार्षद का रिश्तेदार भी रिवाल्वर के साथ सदन की बैठक में मौजूद रहा। ऐसी स्थिति में किसी मुद्दे को लेकर पार्षदों में कहासुनी हो जाए तो कभी भी गोलियां चल सकती हैं।


हज हाउस की तर्ज पर शहर में एक स्थान कांवड़ व कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए तय किया जाएगा। मेरठ रोड पर 20 हजार वर्ग मीटर जमीन पर यह स्थल बनाया जाएगा। इसके अलावा शहर में करीब 40 करोड़ से ज्यादा रकम के विकास प्रस्तावों को बोर्ड बैठक में पास किया गया है। - अशु वर्मा, महापौर


सदन के निर्णय पर यूजर चार्ज की दरों में कटौती कर दी गई है। अब जनता की जेब पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ेगा। शहर में विकास कार्यों को कराने के लिए कुछ कठिन निर्णय लेना आवश्यक था। इस साल हर वार्ड में एक-एक करोड़ के विकास कार्य कराए जाएंगे। पार्कों में उद्यानीकरण कराया जाएगा। - अब्दुल समद, नगर आयुक्त
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed