देश के प्रदूषित शहरों में गाजियाबाद अव्वल, 429 दर्ज किया गया शहर का एक्यूआई
गाजियाबाद शहर में प्रदूषण की स्थिति फिर से गंभीर होती जा रही है। मंगलवार को गाजियाबाद देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। शहर का एक्यूआई एक बार फिर से मानकों से चार गुना अधिक 429 दर्ज किया गया।
गंभीरता को देखते हुए ईपीसीए के अध्यक्ष भूरेलाल ने सात फरवरी को उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है जिसमें तमाम प्रमुख विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। गाजियाबाद सोमवार को भी 354 एक्यूआई के साथ प्रदूषित शहरों में अव्वल रहा था।
पीएम 10 और पीएम 2.5 में बढ़ोतरी देखी गई। पीएम 10 सोमवार के मुकाबले मंगलवार को 229 से बढ़कर 344 तक पहुंच गया। पीएम 2.5 भी 161 से बढ़कर 226 दर्ज किया गया।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी एके तिवारी ने बताया कि प्रदूषण की गंभीर हालात को देखते हुए ईपीसीए के अध्यक्ष भूरेलाल सात फरवरी को साहिबाबाद का दौरा करेंगे। साथ ही उच्चस्तरीय बैठक होगी। बैठक में जीडीए, पीसीबी, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, आरटीओ, यूपीएसआईडीसी आदि विभागों के अधिकारी शामिल होंगे।
शहर एक्यूआई
गाजियाबाद 429
मुरादाबाद 418
दिल्ली 382
नोएडा 377
आगरा 369