एलिवेटेड पर जन्मदिन के जश्न में मचाया हुड़दंग, की आतिशबाजी
साहिबाबाद। एलिवेटेड रोड पर जन्मदिन पार्टी मनाते कुछ युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक बीच सड़क पर खड़ा होकर हाथ में पटाखों की पेटी लेकर आतिशबाजी कर रहा है जबकि उसके आसपास खड़े युवक गाना बजाकर डांस और हुड़दंग कर रहे हैं। गनीमत रही कि तेज रफ्तार वाहनों से कोई घटना नहीं हुई।
वायरल वीडियो 33 सेकेंड का है। युवकों ने एक गाड़ी के बोनट पर केक रखे हुए थे जबकि काले रंग की शर्ट और नीली जींस पहने युवक ने हाथ में स्काईशॉट की पेटी पकड़ी हुई थी। वह बीच सड़क पर खड़ा होता है और ऊपर की तरफ पेटी करके पटाखे फोड़ रहा है। इससे वायुमंडल में प्रदूषण तो फैला ही रहा था। वीडियो में युवक केक को एक दूसरे पर फेंक रहे हैं और जमकर हुड़दंग मचा रहे हैं। इसी बीच, वह तेज रफ्तार गाड़ी में बैठकर वीडियो भी बनाते नजर आए। वायरल वीडियो मोहित मेहता नाम के युवक ने अपने मोबाइल पर स्टेटस में लगाया हुआ था। पुलिस अधीक्षक द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो साहिबाबाद या इंदिरापुरम थाना क्षेत्र का है, इसकी पहचान कर युवकों की तलाश कर कार्रवाई की जाएगी।