फर्जी दस्तावेज पर फाइनेंस कंपनी से लिया 27 लाख का लोन, मुकदमा दर्ज
कौशांबी। हाउसिंग फाइनेंस कंपनी ने लोन के बहाने 27 लाख रुपये के फर्जीवाडे़ पर कौशांबी थाने में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा कराया है। आरोप है कि नोएडा निवासी देवेंद्र और चित्रा ने फाइनेंस कंपनी में लोन के लिए फर्जी दस्तावेजों पर आवेदन किया था। आरोपियों ने लोन के लिए जिस संपत्ति को दिखाया वह किसी अन्य व्यक्ति की थी। कौशांबी थाने में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा हुआ है। ललित कुमार ने बताया कि कौशांबी में पूनावाला हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड की शाखा है। वर्ष 2020 में देवेंद्र और चित्रा ने फाइनेंस कंपनी में 27 लाख रुपये के लोन का आवेदन किया था, जिस संपत्ति पर लोन दिया जाना था उसकी अपनी सर्वे टीम से जांच कराई। अब आरोप है कि जांच टीम के साथ मिलकर आरोपियों ने कागजात को सही बताया। इसके बाद 27.24 लाख रुपये का लोन जारी हो गया। कुछ समय तक कंपनी को किस्त मिलती रहीं। उसके बाद आरोपियों ने किस्त नहीं दी। कंपनी ने संपत्ति पर बकाये का नोटिस चस्पा किया तो दूसरे व्यक्ति ने संपत्ति पर दावा कर दिया। कंपनी ने दावेदार के कागजातों की जांच कराई तो वह सही पाए गए जबकि लोन के लिए जमा किए गए दस्तावेज फर्जी निकले। ललित का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर साहिबाबाद थाने में देवेंद्र कुमार, चित्रा, दीपक कुमार, पंकज प्रकाश वर्मा, अभिलाष शर्मा और भारत के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। थाना प्रभारी नागेंद्र चौबे का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ जांच की जा रही है।