भाजपा नेता हत्याकांड में डासना नगर पंचायत चेयरमैन का पति गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डासना में 20 जुलाई की रात हुए भाजपा नेता बीएस तोमर हत्या कांड में मसूरी थाना पुलिस ने मुख्य मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि पकड़ा गया मुख्य साजिशकर्ता डासना नगर पंचायत चेयरमैन का पति है, जो ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) का पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी है। इसी ने राजनैतिक द्वेष के चलते हत्याकांड को अंजाम दिलवाया था। हत्यारोपियों से मिलकर तोमर की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच अभी जारी है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
मसूरी थाना प्रभारी नरेश सिंह ने बताया कि जांच के दौरान डासना निवासी हाजी आरिफ और महताब कुरैशी के नाम सामने आए थे। दोनों पर हत्याकांड की साजिश रचने का आरोप है। नाम सामने आने के बाद पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच बुधवार देर रात को आरिफ के बारे में सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने हाजी आरिफ को बाला जी होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी का कहना है कि गिरफ्तारी के समय आरोपी भागने की फिराक में था। पूछताछ में आरिफ ने बताया कि वह डासना नगर पंचायत चेयरमैन हज्जन हंसार का पति है और एक राजनैतिक दल से संबंध रखता है। बीएस तोमर भाजपा के मंडल अध्यक्ष थे और सत्तारूढ़ दल में उनकी खास पकड़ थी। इसकी वजह से वह क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हो गए थे। इससे उसके राजनैतिक हित प्रभावित हो रहे थे।
इसके अलावा एक धर्म विशेष की लड़की को भगा ले जाने वाले युवक को बीएस तोमर संरक्षण दे रहे थे। इससे नाराज होकर उसने हत्यारोपियों सलमान उर्फ डग्गा, अरबाज, नौशाद उर्फ बकरी और अमन उर्फ मुस्तकीम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। बता दें कि हत्यारोपियों ने भाजपा नेता की उस वक्त गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी जब वे 20 जुलाई की रात को अपने क्लीनिक से घर के लिए निकले थे। इस मामले में पुलिस अब तक दर्जन भर लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।