Dog Attack: 10 साल की बच्ची पर पालतू कुत्ते ने किया हमला, 18 सेमी गहरा जख्म हुआ, महिला ने पत्थर मारकर बचाई जान
पीड़ित बच्ची वंशिका घर के सामने स्थित पार्क से खेलकर घर आ रही थी। रास्ते में एक बच्ची अपने पालतू कुत्ते के साथ टहल रही थी। वंशिका को देखकर कुत्ते ने हमला कर दिया, जिससे वह जख्मी हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम में पार्क में खेलने गई 10 साल की वंशिका पर पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते के चार मिनट के हमले में बच्ची के हाथ में 18 सेंटीमीटर का जख्म हो गया है। कुत्ते ने बच्ची के पैर और पीठ पर भी काटा है। बच्ची के पिता ने थाने में तहरीर दी है। जिला एमएमजी अस्पताल के डाक्टरों ने इलाज करने की बजाय बच्ची को जीटीबी रेफर कर दिया। बच्ची के पिता इंद्रेश कुमार ने मामले में तहरीर दी है।
इंद्रेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम सात बजे घटना के बाद वह बेटी को लेकर सबसे पहले एमएमजी अस्पताल गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें संजय नगर अस्पताल भेज दिया। संजय नगर में बच्ची का दर्द का इंजेक्शन तो दे दिया लेकिन एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं लगाई। रात 11 बजे उसे घर भेज दिया गया। रातभर बच्ची दर्द से कराहती रही। शनिवार सुबह जब वह एमएमजी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे तो डॉक्टरों ने बताया कि एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। डॉक्टरों ने उन्हें जीटीबी दिल्ली रेफर कर दिया।
डाक्टरों ने नहीं लगाए टांके, सर्जरी की दी सलाह
इंद्रेश ने बताया कि जीटीबी के डाक्टरों ने ड्रेसिंग करके घाव सूखने की दवाई दी है। टांके के बजाय प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी है। प्राइवेट अस्पताल में सर्जरी कराने पर ढाई से तीन लाख का खर्चा बताया गया है।
महिला ने ने बचाई जान
इंद्रेश ने बताया कि वह मधुबन बापूधाम में बने टावर में फ्लैट नंबर 13 ए में अपने परिवार के साथ रहते हैं। श्रीराम पिस्टन फैक्टरी में कर्मचारी हैं। उनकी बेटी वंशिका घर के सामने स्थित पार्क से खेलकर घर आ रही थी। रास्ते में एक बच्ची अपने पालतू कुत्ते के साथ टहल रही थी। वंशिका को देखकर कुत्ते ने हमला कर दिया। पास से गुजर रही एक महिला ने कुत्ते को पत्थर मारकर भगाया, तब जाकर वंशिका की जान बची। बच्ची काफी डरी हुई है। वह ठीक से कपड़े भी नहीं पहन पा रही है।
पांच दिसंबर से परीक्षा, घाव भरने में लगेगा 15 दिन
वंशिका गोविंदपुरम में गुरु राम राय स्कूल में कक्षा पांच की छात्रा है। पिता इंद्रेश ने बताया कि पांच दिसंबर से परीक्षा है। डाक्टरों ने कहा कम से कम 15 दिन जख्म ठीक होने में लगेगा। पैर और हाथ में घाव होने से उसे काफी दिक्कत हो रही है। ऐसे में बच्ची को परीक्षा छूटने का भय सता रहा है।
एआरवी उपलब्ध, कराई जाएगी जांच
एमएमजी अस्पताल के सीएमएस डॉ. मनोज कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि अस्पताल में एंटी रेबीज टीका उपलब्ध है, इमरजेंसी में क्यों नहीं लगाया, इसकी जांच की जाएगी।
दर्ज की जा रही एफआईआर
मधुबन बापूधाम थाना प्रभारी नीरज तोमर का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
रिया की सेहत में हो रहा सुधार
सिद्धार्थ विहार में 19 नवंबर को एक साल की बच्ची रिया को आवारा कुत्ते ने काट लिया था। उसे एमएमजी से चाइल्ड पीजीआई नोएडा रेफर किया गया था। वहां इलाज नहीं मिलने पर एमएमजी में भर्ती कर 22 नवंबर को उसका उपचार किया गया। उसके चेहरे पर 120 टांके आए थे। सीएमएस सीएमएस डॉ. मनोज कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि बच्ची का जख्म भर रहा है। तीन से चार दिन में उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।