फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   ghaziabad

प्लॉट के विवाद में मां-बेटी पर बरसाई लाठियां, गिराकर पीटा

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Sun, 04 Apr 2021 01:22 AM IST
विज्ञापन
ghaziabad
शर्मनाक! प्लॉट के विवाद में मां-बेटी पर बरसाई लाठियां, गिराकर पीटा
विज्ञापन

गाजियाबाद/मोदीनगर। एक प्लॉट के विवाद में पिता-पुत्रों समेत चार लोगों ने मां-बेटी पर जमकर लाठियां बरसाईं। आरोपियों ने दोनों को गिरा-गिराकर पीटा। बेटी लहूलुहान और मां बेहोश हो गई। घटना मोदीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जिसमें महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दिल दहलाने वाली उक्त घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पिता-पुत्रों समेत चार लोगों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। गिरफ्तारी किसी आरोपी की नहीं कर सकी।
तीन सौ गज के प्लॉट को लेकर भाईयों के बीच विवाद चल रहा है। दिल्ली मंत्रालय में नौकरी करने वाले एक भाई का गांव में प्लॉट है। उन्होंने प्लॉट दूसरे भाई को बेचना तय कर दिया। दूसरे भाई ने प्लॉट पर कब्जा भी ले लिया, लेकिन प्लॉट के पैसों को लेकर दोनो में विवाद चलता रहा। कई बार कहासुनी भी हुई, लेकिन परिवार के अन्य लोगों ने मामला हर बार शांत कर दिया। दिल्ली में नौकरी करने वाले भाई का आना-जाना गांव में रहने वाले तीसरे भाई के यहां है। जो दूसरे भाई को अखरता है। आरोप है कि दूसरे भाई ने इसी रंजिश और प्लॉट के विवाद में 30 मार्च को तीसरे भाई के परिवार से झगड़ा कर लिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर दूसरे भाई ने तीसरे भाई की पत्नी व बेटी के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते माहौल गंभीर होता चला गया। दूसरे भाई, उसके दो बेटे व पोते ने लाठियां निकाल लीं और दूसरे भाई की पत्नी-बेटी पर टूट पड़े। इस दौरान एक आरोपी ने महिला के साथ अशोभनीय हरकत भी की।
विज्ञापन

मां-बेटी भागती रहीं, हमलावर नहीं थमे
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज रोंगटे खड़े कर देने वाली है। इसमें हमलावर पिता-पुत्र मां-बेटी पर लाठियां बरसाते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। मां-बेटी जान बचाने को घर की तरफ भागीं, लेकिन हमलावर नहीं थमे। जान बचाने को बेटी घर में घुस गई, लेकिन मां सड़क पर गिर पड़ी। इसके बाद भी आरोपियों ने लाठी बरसाना जारी रखा। हमले में मां-बेटी बुरी तरह लहूलुहान हो गईं। निहत्थी मां-बेटी पर सिर्फ लाठियों से ही जुल्म नहीं ढाया गया, बल्कि असलहा भी इस्तेमाल किया गया। पीड़ित मां-बेटी का कहना है कि एक आरोपी हाथ में असलहा लेकर भी आया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

तमाशीन बने रहे लोग, कुत्ता हमलावरों पर झपटा
सरेशाम हुई इस घटना में चीख-पुकार मचने पर मोहल्ले के काफी लोग इकट्ठा हो गए, लेकिन सभी तमाशबीन खड़े रहे। किसी ने मां-बेटी को बचाने की जहमत तक नहीं उठाई। लेकिन, गली के एक कुत्ते ने वफादारी दिखाते हुए मां-बेटी की जान बचाई। घायल मां-बेटी का कहना है कि वह गली के एक कुत्ते को रोटी खिलाती हैं। जिस वक्त उन पर हमला हो रहा था तो वही कुत्ता हमलावरों पर टूट पड़ा। उसी से डरकर हमलावर वहां से भागे। पीड़ित पक्ष का कहना है कि अगर कुत्ता नहीं आता तो आरोपी मां-बेटी में से किसी की जान ले लेते।
चोट इतनी कि दिल्ली रेफर करना पड़ा
लाठी-डंडों से हुए हमले में मां-बेटी का सिर फूट गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी खुली चोट आईं। दोनों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर करना पड़ा। हालांकि, उपचार के बाद परिजन अब फिर से उन्हें मोदीनगर केनिजी अस्पताल में ले आए हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने छेड़छाड़, हमला व धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस बोली- परिवार का मामला है, निपट जाएगा
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई सनसनीखेज घटना को मोदीनगर पुलिस चार दिन तक दबाए बैठी रही। आरोपियों को गिरफ्तार करने की बजाय पुलिस ने तर्क दिया कि पारिवारिक मामला है। निपट जाएगा। हालांकि, शनिवार को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज वायरल हुई तो अधिकारियों ने संज्ञान लिया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

इनसेट.....
सात माह पहले कविनगर क्षेत्र में भी हुई थी ऐसी ही हैवानियत
जिस तरह मां-बेटी पर लाठियां बरसाई गईं, उसी तरह की घटना करीब सात माह पहले कविनगर थाना क्षेत्र में सामने आई थी। छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने एक महिला को कुर्सी से पीटा था। महिला के सड़क पर गिरकर बेहोश होने तक आरोपी का हमला जारी रहा। घटना की वीडियो वायरल होने पर लखनऊ तक हलचल मची, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर गंभीर धाराओं में जेल भेजा था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed