फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   ghaziabad

ठेकेदार के परिवार को बंधक बना कैश-जेवर और स्कॉर्पियो लूटी

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Fri, 12 Mar 2021 01:23 AM IST
विज्ञापन
ghaziabad
ठेकेदार के परिवार को बंधक बना कैश-जेवर और कार लूटी
विज्ञापन

लोनी। थानाक्षेत्र की मलिक सिटी में टाइल्स ठेकेदार बाहरून और उसके भाई नईम के परिवार को बंधक बनाकर हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की। सीढ़ी लगाकर घर में घुसे चार बदमाश चार लाख रुपये, डेढ़ लाख के जेवर, छह मोबाइल और स्कॉर्पियो कार लूट कर फरार हो गए। जाते वक्त बदमाश परिवार को एक कमरे में बंद कर गए। ठेकेदार का कहना है कि मजदूरों को पैसे देने के लिए वह तीन दिन पहले ही रकम लेकर आए थे। रिपोर्ट दर्ज कर लोनी पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
मूलरूप से बिहार निवासी बाहरून अंसारी दिल्ली पुलिस में टाइल्स व पत्थर लगाने की ठेकेदारी करते हैं। उनका छोटा भाई नईम भी उनके साथ रहकर राजमिस्त्री का काम करता है। दोनों भाई परिवार के साथ लोनी की मलिक कॉलोनी में रहते हैं। कुछ दिन पहले ही नईम की पत्नी चारों बच्चों के साथ मायके चली गई थी। बुधवार को बाहरून, उसकी पत्नी रिहाना परवीन, साला लियाकत, चाचा शमशेर व नईम घर पर थे। नईम घर की ऊपरी मंजिल के कमरे में सो रहा था, जबकि बाकी लोग नीचे सो रहे थे। नईम ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे बालकनी पर सीढ़ी लगाकर चार बदमाश घर के अंदर दाखिल हो गए और उन्हें गन प्वाइंट पर लेकर उनके हाथ बांध दिए। इसके बाद बदमाश उन्हें लेकर नीचे आए और बाहरून का दरवाजा खुलवाया। बाहरून के बाहर निकलते ही बदमाशों ने उन्हें भी गन प्वाइंट पर ले लिया। इसके बाद बदमाशों ने घर में मौजूद सभी सदस्यों को एक कमरे में इकट्ठा कर दिया। दो बदमाश परिवार के सदस्यों पर पिस्टल ताने खड़े रहे, जबकि बाकी दो बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। नईम और बाहरून का कहना है कि बदमाशों ने उनसे अलमारी की चाबी मांगी। इनकार करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हत्या की धमकी देकर बदमाशों ने चाबी ले ली और उसमें रखे चार लाख रुपये, डेढ़ लाख रुपये के जेवरात और अलग-अलग कमरों से छह मोबाइल लूट लिए। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद परिवार के लोगों को एक कमरे में बंद करने के बाद मेनगेट खोलकर भाग गए।
विज्ञापन

घर के सामने खड़ी स्कॉर्पियो भी लूट ले गए बदमाश
जाने से पहले बदमाशों ने पीड़ित परिवार से दो बाइक और स्कॉर्पियो कार की चाबी भी ले ली। स्कॉर्पियो घर के सामने दूसरे घर में खड़ी थी। जाते-जाते बदमाश स्कॉर्पियो का भी लूटकर ले गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि घर से निकलने से पहले बदमाशों ने धमकी दी थी कि पुलिस को बताने पर परिवार को मौत के घाट उतार दिया जाएगा। रात करीब ढाई बजे पड़ोसी के फोन से पीड़ित ठेकेदार ने पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

मोबाइल ले गए सिम छोड़ गए
लूट की घटना की सूचना पीड़ित परिजन पुलिस या अन्य किसी को न दे सकें, इसके लिए बदमाशों ने पीड़ित परिवार के तीन अलग-अलग कमरों में रखे छह मोबाइल भी लूट लिए। हालांकि, जाने से पहले बदमाशों ने सिम निकालकर वहीं फेंक दिए, लेकिन मोबाइल लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार से पड़ोसियों को बताया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी जा सकी।
बच्चे के रोने पर बदमाशों ने खुद गर्म कराया दूध
रिहाना परवीन का कहना है कि वह अपनी बच्ची अनाया के साथ सो रही थी। बदमाशों के घर में घुसने का पता लगने पर उसकी आंख खुल गईं। इसी बीच मासूम अनाया रोने लगी। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी न जाग जाएं, इसके लिए बदमाश रिहाना परवीन को गन प्वाइंट पर रसोई में ले गए और खुद दूध गर्म कराकर बच्ची को पिलाया। दूध पीने के बाद बच्ची सो गई।
बृहस्पतिवार को मजदूरों को बांटनी थी रकम
ठेकेदार बाहरून ने बताया कि वह दिल्ली पुलिस के भवन निर्माण में टाइल्स व पत्थर लगाने की ठेकेदारी करते हैं। उनके अंडर में 100 से अधिक मजदूर काम करते हैं। तीन दिन पहले ही उन्हें करीब चार लाख रुपये मिले थे। बृहस्पतिवार को उक्त रकम मजदूरों को बांटनी थी, लेकिन इससे पहले ही बदमाशों ने बुधवार रात लूटपाट की घटना को अंजाम दे डाला।
लूटपाट करने के लिए चुराई थी सीढ़ी
पुलिस के अनुसार, लूट करने आए बदमाशों ने घर से कुछ दूरी पर एक दुकान के बाहर खड़ी सीढ़ी चोरी की थी। सीढ़ी लोहे की जंजीर से बंधी थी, लेकिन बदमाशों ने उसे भी काट दिया। इसी सीढ़ी की मदद से बदमाश ठेकेदार के घर में दाखिल हुए। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश सीढ़ी को पास के खाली प्लॉट में फेंककर चले गए।
घटना के दो घंटे बाद कैमरे में दिखाई दी कार
एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने बताया कि पीड़ित की तरफ से सुबह चार बजे पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी गई। पीड़ित ने घटना करीब डेढ़ बजे की बताई है। वहीं, घर से 400 मीटर की दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरे में लूटी हुई स्कॉर्पियो घटना के दो घंटे बाद जाती हुई दिखाई दी है। पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।

30 हजार और कार लूट की लिखी रिपोर्ट
पीड़ित परिवार का कहना है कि बदमाश चार लाख रुपये, डेढ़ लाख के जेवर और स्कॉर्पियो लूटकर ले गए। वहीं, पुलिस ने महज 30 हजार रुपये व स्कॉपियो लूट की रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी ग्रामीण का कहना है कि तहरीर के आधार पर ही रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोई नई बात सामने आएगी तो विवेचना में शामिल कर ली जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed