फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   Ganga will not, will have to offer water wastewater

नहीं मिलेगा गंगाजल, गंदे पानी में ही देना होगा अर्घ्य

Tue, 01 Nov 2016 10:47 PM IST
ब्यूरो , अमर उजाला गाजियाबाद
ब्यूरो , अमर उजाला गाजियाबाद Updated Tue, 01 Nov 2016 10:47 PM IST
विज्ञापन
Ganga will not, will have to offer water wastewater
नदी हिंडन - फोटो : अमर उजाला

छठ पर्व पर इस बार भी श्रद्धालुओं को गंदे पानी में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देना होगा। हिंडन में गंगाजल छोड़े जाने के केंद्रीय मंत्री वीके सिंह और स्थानीय अधिकारियों केदावे फेल हो गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर यह साफ हो गया है कि गंगनहर के मेंटीनेंस का काम चल रहा है, ऐसे में छठ पूजा तक हरिद्वार से गंगाजल छोड़ा ही नहीं जाएगा।

विज्ञापन


डीएम निधि केसरवानी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि गंगनहर में पानी न होने पर हिंडन में इस बार यमुना का पानी लाने का प्रयास किया जाएगा।छठ पूजा पर हिंडन घाट की सफाई और इसमें साफ पानी का मुद्दा हर बार ही उठता है।
विज्ञापन


प्रशासनिक स्तर पर छठ घाट की सफाई के तमाम बडे़ दावे किए जाते हैं, मगर हकीकत यह है कि हर बार श्रद्धालुओं को गंदे पानी और कीचड़ में खडे़ होकर ही सूर्य भगवान की आराधना करनी पड़ती है। इस बार लोगों को हिंडन में साफ पानी आने की उम्मीद थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


दरअसल स्थानीय सांसद और केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने 29 अक्तूबर को स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक के बाद दावा किया था कि हिंडन में छठ पूजा से पहले ही गंगनहर से साफ पानी छोड़ा जाएगा। अब छठ पूजा में सिर्फ चार ही दिन बाकी बचे हैं, मगर हिंडन के दोनों ओर के घाट आज भी गंदगी से अटे पडे़ हैं।

नदी भी सिर्फ नाले के रूप में बह रही है।श्रद्धालु वेदी बनाने के लिए हिंडन घाट पर पहुंचना भी शुरू हो गए हैं। यहां पसरी गंदगी के चलते लोग खुद ही घाट की सफाई कर वेदी का निर्माण कर रहे हैं। यहां नगर निगम की ओर से अभी लाइट की व्यवस्था भी नहीं की गई है। ऐसे में श्रद्धालु अंधेरे में ही अपनी वेदियां तैयार कर रहे हैं।

हालांकि अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा का कहना है कि 3 नवंबर तक हिंडन घाट पर सफाई और लाइटिंग की पूरी व्यवस्था कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं के लिए यहां वाटर पोस्ट और टैंकरों का भी इंतजाम नगर निगम द्वारा किया जाएगा।

छठ पूजा को के लिए टीएचए की सोसायटी और अस्थाई घाटों की सफाई में आरडब्ल्यूए और छठ समिति के पदाधिकारी जुट गए हैं। विभिन्न सोसायटीज में जहां स्वीमिंग पूल की सफाई कराई जा रही है, वहीं घाटों पर समिति के पदाधिाकरी निरीक्षण कर सफाई कराने का काम कर रहे हैं। फूलों से सजावट कर स्वीमिंग पूल को छठ घाट जैसा रूप दिया जाएगा।

शिप्रा सन सिटी आरडब्ल्यूए अध्यक्ष आरएन राय का कहना है कि आस-पास की सोसायटीज में काफी संख्या में लोग छठ पूजा करते हैं। ऐसे में पूजा के दौरान उन्हें परेशानी न हो इस लिए स्वीमिंग पूल को घाट के रूप में बदला जाएगा।क्रासिंग्स रिपब्लिक सोसायटी में गोल्फ लिंक के स्वीमिंग पूल में खरना वाले दिन पानी भरा जाएगा।

एओए पदाधिकारी क्षितिज ने बताया कि क्रासिंग्स में रहने वाले सभी लोग गोल्फ लिंक में ही आकर पूजा करते हैं। एरिया बड़ा होने की वजह से सैकड़ों की संख्या में लोग यहां आसानी से पूजा कर पाते हैं। ऐसे ही चिरंजीव विहार के पार्क में स्थानीय लोगों द्वारा छठ घाट बनाए जाने की तैयारी की जा रही है।

उधर राजनगर एक्सटेंशन के एओए अध्यक्ष प्रमोद धनकड़ ने बताया कि गत वर्ष एक्सटेंशन की रीवर हाइट सोसायटी के स्वीमिंग पूल में छठ घाट बनाया गया था। इस बार भी इसी पर विचार किया जा रहा है।एसएसपी दीपक कुमार के अनुसार छठ पूजा के दौरा सुरक्षा के कडे़ इंतजाम किए गए हैं।

इसमें एसआई 30, हेडकांस्टेबल 10, कांस्टेबल 300, महिला एसआई 5, महिला कांस्टेबल 80 और चार प्लाटून पीएसी तैनात रहेगी। घाटों पर लगी टीमों के अलावा दो रैपिड एक्शन टीम भी बनाई गई हैं, जो एक घाट से दूसरे घाट तक ड्यूटी देंगी।

इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जिससे किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति से निपटा जा सके। एसएसपी ने बताया कि इस बार घाट पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके लिए हिंडन किनारे ही कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।

राजेंद्र नगर स्थित गोल पार्क के छठ घाट पर मंगलवार को छठ पूजा की तैयारियों को लेकर पूर्वांचलीय कल्याण समिति की बैठक हुई। बैठक में छठ घाटों पर तैयारियों को लेकर चर्चा की गई, जिसमें सभी पदाधिकारियों ने छठ से पहले घाटों को दुरुस्त कर सभी व्यवस्थाएं करने का निर्णय लिया।

इस मौके पर एसके राय, राजाराम मौर्य, नरेंद्र अस्थाना, मधुकर शर्मा, मुकेश सिंह, हर्सित नारायण आदि मौजूद रहे।

- जीडीए अधिकारियों सेे काला पत्थर छठ घाट की मरम्मत और सफाई की मांग की गई थी,लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। अब खुद ही अपने खर्च पर घाट को दुरूस्त और आसपास सफाई कराई जा रही है। - राजेंद्र पाठक, इंदिरापुरम

- हिंडन नदी में साफ पानी और छठ घाट पर व्यवस्थाओं की मांग को लेकर अधिकारियों से मिल चुके हैं, मगर कोई सुनता ही नहीं। लगता है इस बार भी श्रद्धालुआें को गंदे पानी में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देना होगा। - अमन शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष, पूरबिया जन कल्याण परिषद

छठ पूजा के लिए यहां बनेंगे घाट:
- हिंडन पुल के दोनों ओर, खजूरी पार्क वृंदावन गार्डन, साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के पास, झंडापुर सब्जी मंडी के पास, शालीमार गार्डन पुलिस चौकी के पास, लाजपतनगर में शनि चौक, लाजपत नगर बी ब्लॉक मंदिर के पास, राजेंद्र नगर गोल पार्क,

वसुंधरा सेक्टर-15 स्थित छठ वाटिका, काला पत्थर पार्क, जनकपुरी पार्क, वैशाली सेक्टर-5, खोड़ा, अद्यौगिक क्षेत्र, बृजविहार स्थित शिव मंदिर, श्री सत्यनारयाण मंदिर।शिप्रा सनसिटी फेज-1, विंडस एंड नोवा सोसायटी, राज हंस सोसायटी, आदित्य मेगा सिटी, आशियाना उपवन, जयपुरिया सनराइज ग्रीन
-------
दिवाली बीती, अब छठ पूजा की तैयारी शुरू
दिवाली, भैया-दूज के बाद अब छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर है। गाजियाबाद में बिहार और पूर्वी उत्तर-प्रदेश के लाखों परिवार छठ पर्व को आस्था और पवित्रता के साथ मनाते हैं। कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की षष्ठी इस बार 6 नवंबर को है। 4 नवंबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय छठ व्रत में व्रती पूरे 36 घंटे निर्जला रहते हैं।

मिथिलांचल सेवा समिति के अध्यक्ष पवन झा ने बताया कि जिनके घरों में छठ पूजा होती है, वह दिवाली के बाद से घर या बाहर कहीं भी प्याज लहसुन का सेवन नही करते। कई लोग पूरे कार्तिक मास में ही प्याज-लहसुन और मांसाहार से परहेेज करते हैं।


पंडित गिरीश मिश्र ने बताया कि अथर्व वेद में भी इस पर्व का उल्लेख है। ऐसी मान्यता है कि छठ व्रत करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। आरोग्य, पुत्र प्राप्ति, अखंड सौभाग्य और सुख-समृद्धि के लिए लोग इस व्रत को करते हैं। इसका प्रारंभ महाभारत काल में कुंती द्वारा सूर्य की आराधना कर पुत्र की प्राप्ति के समय से माना जाता है।

छठ पूजा का आरंभ 4 नवंबर से हो जाएगा। पंडित जीवेश मिश्र ने बताया कि 4 नवंबर को नहाय-खाय है। इस दिन लोग गंगा या किसी भी पवित्र नदी में स्नान कर घर की साफ-सफाई करके सेंधा नमक में बने शुद्ध भोजन का सेवन करेंगे। उसी दिन छठ पर्व की खरीददारी की जाएगी।


5 नवंबर को खरना किया जाएगा, जिसमें व्रती पूरे दिन निर्जला व्रत रहने के बाद शाम गुड़ बनी खीर और रोटी या पूड़ी का सेवन करेगा। उसके बाद उस प्रसाद को सभी लोग ग्रहण करेंगे। 6 नवंबर को छठ व्रत है जिसमें पूरे दिन निर्जला रहकर शाम को सूर्य भगवान को अर्घ्य देंगे और 7 नवंबर को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का परायण करेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed