फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   Ganga left in Hindon, Ghaziabad today will

हिंडन में छोड़ा गंगाजल, आज पहुंचेगा गाजियाबाद

Sun, 06 Nov 2016 12:44 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला गाजियाबाद
ब्यूरो/ अमर उजाला गाजियाबाद Updated Sun, 06 Nov 2016 12:44 AM IST
विज्ञापन
Ganga left in Hindon, Ghaziabad today will
‌हिंडन - फोटो : अमर उजाला
आखिरकार छठ व्रतियों की मांग पूरी हो ही गई। छठ पूजा के लिए शनिवार रात 9 बजे भोला की झाल और जानी रेग्यूलेटर से हिंडन में गंगाजल छोड़ दिया गया। रविवार सुबह सात बजे तक यह गंगाजल गाजियाबाद में पहुंच जाएगा। इसके चलते अब छठ व्रतियों को गंदगी में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य नहीं देना होगा।
विज्ञापन


पूर्वांचल समाज के लोगों ने स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री वीके सिंह से छठ पर्व पर हिंडन में गंगाजल छुड़वाने की मांग की थी। वीके सिंह ने शासन स्तर पर वार्ता कर उनकी इस मांग को पूरा कराया।
विज्ञापन


सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर एसके शर्मा ने बताया कि शनिवार रात नौ बजे भोला की झाल से और 10 बजे जानी रेग्यूलेटर से गंगाजल छोड़ दिया गया। दोनों रेग्यूलेटर से 2 हजार क्यूसेक पानी हिंडन में डाला जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


करीब 10 घंटे में यह पानी गाजियाबाद में छठ घाट तक पहुंच जाएगा। ऐसे में शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना के लिए न तो छठ व्रतियों को प्रदूषित पानी से आचमन करना पड़ेगा और न ही गंदे पानी में खड़ा होना पड़ेगा।

वहीं शनिवार की दोपहर को हिंडन में जल स्तर बढ़ा है। माना जा रहा है कि यमुना से भी बैक फ्लो कर हिंडन में पानी छोड़ा गया है। डीएम निधि केसरवानी ने इसको लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए थे। यानी दोनों ओर से पानी मिलने पर इस बार हिंडन का पानी बीते कई वर्षों की अपेक्षा ज्यादा साफ रहेगा।

निगम ने लगाई लाइटें और वाटर पोस्ट
नगर निगम ने हिंडन छठ घाट पर शनिवार को तैयारियां पूरी कर ली है। शनिवार को घाट पर लाइटें, वाटर पोस्ट और सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए। रविवार को घाट पर टैंकरों से भी पानी की आपूर्ति की जाएगी।

घाट पर लगाई गई वाटर पोस्ट को टैँकरों से जोड़ा जाएगा, ताकि टोटियों से पानी लिया जा सके। नगर निगम ने जलकल विभाग के अवर अभियंताओं की ड्यूटी लगाई है।

छठ घाट पर रहेगी कड़ी सुरक्षा
छठ पूजा के दौरान हिंडन घाट पर सुरक्षा कड़ी रहेगी। एसएसपी ने हिंडन नदी पर 275 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। इनमें एक एसपी, दो सीओ, चार थानेदार, 26 एसआई, 40 हेड कांस्टेबल, 184 कांस्टेबल और 36 महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगी।

एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि इस दौरान ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी कैमरों और दूरबीन से संदिग्धों पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा सिविल ड्रेस में भी पुलिस कर्मी मौजूद रहेंगे।

छठ महापर्व: हिंडन तट पर आज लगेगा आस्था का मेला

 सूर्य पूजा के महापर्व छठ के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। छठ घाट पर श्रद्धालुओं ने पूजन स्थल की साफ-सफाई कर छठ माता की वेदी पर रंग-रोगन किया। बाजारों मेें खरीददारों की भीड़ रही।

शहर में विजयनगर, प्रताप विहार, राकेश मार्ग, नंदग्राम, संजयनगर आदि क्षेत्रों में छठ पूजा की जाती है। इसके लिए स्थानीय तालाबों और झील आदि की साफ-सफाई कर साफ पानी भरा गया है।

घाटों को लाइटिंग से सजाया गया है। रविवार को डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और सोमवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का परायण होगा।

व्रतियों ने किया खरना:
शनिवार शाम को व्रतियों ने खरना किया। शनिवार को पूरे दिन व्रत करने के बाद शाम को पूजा कर खीर, पूड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही रविवार के छठ पूजन के लिए फलों की खरीददारी की गई।

धुंध भरा मौसम बना व्रतियों की चिंता:
मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए व्रतियों को इस बात की चिंता है कि सोमवार को सूर्योदय के समय सूर्य भगवान के दर्शन होंगे या नहीं। क्रासिंग रिपब्लिक में रहने वाले अनुरंजन श्रीवास्तव ने बताया कि परिवार में छठ पूजा होती है वैसे तो वह लोग सोसाइटी के ही स्वीमिंग पूल में पूजा करेंगे।

छठ व्रत सूर्य उपासना का व्रत है और सुबह के अर्घ्य के समय लोग घंटों पानी में रहकर सूर्य भगवान के उदय होने का इंतजार करते हैं। ऐसे में इस बार बदले मौसम में सूर्य भगवान का दर्शन थोड़ा कठिन होगा।

हिंडन पर तैनात की जा रही मोबाइल हेल्थ सेवा:
छठ घाट पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। घाट पर मोबाइल हेल्थ सेवा के लिए जरूरी दवाओं के साथ प्राथमिक चिकित्सा केलिए एक चिकित्सक सहित पैरा मेडिकल स्टाफ सहित एंबुलेंस तैनात किया जाएगा।

सीएमओ डॉ. अजेय अग्रवाल ने बताया कि घाट पर सभी चिकित्सकों और दवाओं से लैस एंबुलेंस तैनात रहेगी साथ ही एमएमजी अस्पताल में भी चिकित्सकों को अलर्ट कर दिया जाएगा।

मिथिलांचल सेवा समिति
मिथिलांचल सेवा समिति के सदस्य नागरिक सुरक्षा संगठन के साथ मिलकर सुरक्षा सहित कई व्यवस्थाएं देखेंगे। अध्यक्ष पवन झा ने बताया कि खोया-पाया कैंप के अलावा निशुल्क चाय और सुरक्षा इंतजाम ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग करेंगे। हिंडन घाट पर शिविर लगाया जाएगा जिसमें सभी कार्यकर्त्ता तैनात रहेंगे।

छठ : आज रहेगा रूट डायवर्जन
 छठ पूजा के मद्देनजर हिंडन नदी के आसपास के इलाकों में रविवार दोपहर 1 बजे से लेकर सोमवार सुबह करीब 11 बजे तक तक रूट डायवर्जन रहेगा। इससे गाजियाबाद से दिल्ली-टीएचए व नोएडा के बीच सफर करने वाले हजारों लोग प्रभावित होंगे।
 यह रहेगा रूट डायवर्जन
- हिंडन पर मेरठ तिराहा से मोहननगर की तरफ जाने वाले पुल की दो लेन पूरी तरह श्रद्धालुओं के लिए होगी, जबकि हल्के वाहनों की आवाजाही के लिए एक साइड को खुला रखा जाएगा।

- हिंडन नदी पुस्ता रोड पर हिंडन पुलिस चौकी से किसी भी वाहन को पुस्ता रोड पर नहीं जाने दिया जाएगा।
- सेक्टर-1 वसुंधरा से किसी भी वाहन को हिंडन पुलिस चौकी की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
 - एएलटी चौराहे से भारी वाहनों को शहर के अंदर न भेजकर हापुड़ चुंगी की तरफ से एनएच-24 से भेजा जाएगा।
- मोहननगर चौराहे से भारी वाहनों को वजीराबाद के लिए नहीं जाने दिया जाएगा। मोहननगर तिराहे से भारी वाहनों को हिंडन पुल की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें डायवर्ट कर हापुड़ तिराहा से हापुड़ चुंगी एनएच-24 से भेजा जाएगा।

एनएच-24 से आना-जाना रहेगा बेहतर
इस दौरान दिल्ली और नोएडा जाने वालों को एनएच-24 से आना जाना बेहतर रहेगा। हालांकि इस दौरान वाहनों का दबाव एनएच-24 पर बढ़ जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed