खेत में खूनी खेल: बड़े भाई ने छोटे पर चला दी बंदूक, इस विवाद में गई जान; परिवार में मचा कोहराम
कोतवाली क्षेत्र के गांव बिरौली निवासी भूरा सिंह 42 वर्ष का बीते करीब दो माह से अपने बड़े भाई महेश के साथ सिकंदराबाद स्थित साढ़े सात बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी के चलते बुधवार दोपहर में दोनों पक्षों के बीच खेत पर भी विवाद हुआ था।
विस्तार
कोतवाली क्षेत्र के गांव बिरौली में करोड़ों रुपये कीमत की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में बड़े भाई ने अपने दो पुत्रों के साथ मिलकर छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक पड़ोसी को भी गोली लग गई। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी देहात और सीओ डिबाई मौके पर पहुंचे और जांच की। देर रात तक मामले में तहरीर नहीं दी जा सकी थी। वारदात के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया। हालांकि, देर शाम को भूरा सिंह गांव में अपने घर के बाहर ही खड़े हुए थे। उनके भाई महेश का मकान भी उनके बिल्कुल बराबर में है। तभी महेश व उनके दो पुत्रों ने गेट पर खड़े भूरा सिंह के साथ फिर से अभद्रता करनी शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने अवैध असलहे से भूरा सिंह पर फायरिंग कर दी। जिसमें सीने व पेट में गोली लगने से भूरा सिंह गंभीर रुप से घायल होकर वहीं गिर गए। तभी वहां से गुजर रहे गांव निवासी भूरा के पड़ोसी प्रताप सिंह को भी पेट में गोली लग गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से हवा में हथियार लहराते हुए भाग निकले। फायरिंग की आवाज सुनकर भूरा के परिजन व अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
जिन्होंने दोनों घायलों को उपचार के लिए जहांगीराबाद सीएचसी पहुंचाया। जहां, चिकित्सकों ने भूरा सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि, गंभीर रुप से घायल प्रताप सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर नोएडा रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही एसएसपी समेत अन्य अफसर भी मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने मृतक के परिजनों व अन्य ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर रही है।
सिकंदराबाद की करोड़ों रुपये कीमत की साढ़े सात बीघा
मृतक भूरा सिंह के दादा भगवान सहाय एक स्वतंत्रता सेनानी थे। जिनकी पेंशन भी सरकार से आती थी। उनकी मृत्यु के बाद उनकी पत्नी यानि भूरा की दादी को यह पेंशन मिलने लगी। पेंशन का पैसा भूरा के बड़े भाई को मिलता था। वहीं, भूरा की मां अपने मायके में अकेली थीं। जिनकी सिकंदराबाद में करीब साढ़े सात बीघा जमीन थी। यह जमीन मायके में माता-पिता की मृत्यु के बाद भूरा की माता को स्थानांतरित हो गई थी। पूर्व में भूरा की माता ने बड़े बेटे के नाम वसीयत कर दी। लेकिन, करीब दो माह पूर्व वह वसीयत तोड़ दी गई। जिसके बाद से ही दोनों भाई के बीच विवाद रहने लगा। बड़े भाई को लगता था कि सिकंदराबाद स्थित साढ़े सात बीघा जमीन के लालच में भूरा ने ही मां से वसीयत तुड़वाई है।
गांव बिरौली में बड़े भाई ने छोटे भाई की जमीन के विवाद को लेकर गोली मारकर हत्या कर दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी पिता व उनके दो पुत्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। साथ ही दो आरोपियों को हिरासत में भी ले लिया गया है। जिनसे पूछताछ जारी है। गंभीर रुप से घायल दूसरे किसान को प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। - श्लोक कुमार, एसएसपी