फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   Collection agent robbed at gun point to seven million

गन प्वाइंट पर कलेक्शन एजेंटों से सात लाख लूटे

Sat, 10 Sep 2016 12:26 AM IST
ब्यूरो,अमर उजाला साहिबाबाद
ब्यूरो,अमर उजाला साहिबाबाद Updated Sat, 10 Sep 2016 12:26 AM IST
विज्ञापन
Collection agent robbed at gun point to seven million
अपराध - फोटो : अमर उजाला
सूर्यनगर सी-ब्लॉक में शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने वोडाफोन के दो कैश कलेक्शन एजेंटों से सात लाख रुपये लूट लिए। भागते हुए उनकी तस्वीर घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस को वारदात के पीछे कंपनी के कुछ पुराने कर्मचारियों पर मुखबिरी का शक है।
विज्ञापन


 शाहदरा दिल्ली के बलबीर नगर निवासी विकास गुप्ता का सूर्यनगर सी-369 में वोडाफोन का डिस्ट्रीब्यूटरशिप का ऑफिस है। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उनके ऑफिस के दो कलेक्शन एजेंट अंकुर निवासी विजय नगर और अरुण निवासी सिहानी करीब सात लाख रुपये लेकर स्कूटी से रामपुरी स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में जमा कराने जा रहे थे।
विज्ञापन


ऑफिस से कुछ ही दूरी पर मुख्य चौराहे पर पहुंचे तो सामने से हेलमेट लगाए तीन युवक पैदल आए और उन पर पिस्तौल तान दी। इस दौरान अंकुर और अरुण स्कूटी से गिर गए। अंकुर रुपयों से भरा बैग लेकर भागने का प्रयास करने लगा तो बदमाश ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल तानकर गोली मारने की धमकी दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


अंकुर के रुकते ही बदमाश ने उससे बैग लूट लिया। तीनों बदमाश सड़क के दूसरी ओर खड़ी काली पल्सर बाइक पर दिल्ली की ओर भाग गए। अंकुर और अरुण ने विकास को वारदात की सूचना दी। विकास ने पुलिस को फोन किया।

सूचना पर एएसपी आशीष श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। एएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला रेकी कर लूट का लग रहा है। बदमाश दिल्ली के हो सकते हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जा रही है, जिससे बदमाशों का और उनकी बाइक के नंबर का पता लग सके।
 
पहले से ही पता था एजेंट कैश लेकर आएंगे                   
जिस चौराहे पर लूट हुई, वहां बदमाश पहले से ही हथियार लेकर तैयार थे। उन्हें पता था कि दोनों एजेंट रुपये लेकर आएंगे। विकास ने बताया कि रोज साढ़े तीन से चार बजे के बीच दिन भर में इकट्ठा कैश को बैंक में जमा कराने भेजते हैं। लगता है कि बदमाश कई दिन से रेकी कर रहे होंगे।
 
नौकरी छोड़कर गए कर्मचारियों पर भी शक 
                  
पुलिस ने ऑफिस में काम करने वाले सभी कर्मचारियों से पूछताछ की। विकास गुप्ता ने बताया कि अरुण और अंकुर करीब दो साल से उनके पास काम कर रहे हैं और दोनों विश्वासपात्र हैं। एएसपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि कर्मचारी निखिल एक सप्ताह पहले ही नौकरी छोड़कर गया है, उससे पूछताछ की जाएगी। इसके अलावा एक और कर्मचारी भी कुछ समय पहले ही नौकरी छोड़कर गया है।           

महिला से पर्स लूटकर भाग रहे स्नैचर को लोगों ने दबोचा
 मंगल बाजार चौक पर एक महिला से पर्स लूटकर भाग रहे स्नैचर को भीड़ ने दबोच लिया। इसके बाद पहले जमकर उसकी धुनाई की फिर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर महिला का पर्स बरामद कर लिया। हालांकि इस दौरान स्नैचर का साथी भागने में कामयाब हो गया।   

नोएडा की एक निजी कंपनी में कर्मचारी रोहित शक्ति खंड-1 में परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार सुबह रोहित की पत्नी मुनेश बेटी को डॉक्टर के पास ले जा रहीं थीं। मंगल बाजार चौक के पास पहुंचते ही काले रंग की पल्सर बाइक पर आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स लूट लिया।

महिला ने शोर मचाया तो सामने से भीड़ बदमाशों की ओर दौड़ पड़ी। इस दौरान बदमाश बाइक मोड़कर भागने लगे तभी पीछे खड़ी एक स्कूटी पर टक्कर लगने से बाइक सवार बदमाश बाइक के साथ जमीन पर पड़े। इसके बाद दोनों बदमाश भागने लगे।

इसी बीच लोगों ने बाइक चला रहे बदमाश को धर दबोचा। लोगों ने बदमाश को जमकर पीटा हालांकि उसका साथी भागने में कामयाब हो गया। पकड़े गए बदमाश के पास से महिला का पर्स बरामद हो गया। एसओ ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके पास से बाइक बरामद हुई है। दूसरे स्नैचर को पकड़ने की कोशिश जारी है।  

फैक्ट्री मैनेजर की कार से दो लाख रुपये, लैपटॉप उड़ाया
 मेट्रो स्टेशन के पास कार रुकवाकर ठगों ने शुक्रवार शाम एक फैक्ट्री मैनेजर की कार से करीब दो लाख रुपयों से भरा बैग उड़ा लिया। पुलिस ने तहरीर लेकर युवकों की तलाश शुरू कर दी है।  नोएडा सेक्टर-50 निवासी अजीत गुप्ता साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में मैनेजर हैं।

शुक्रवार शाम करीब पांच बजे वह कार से घर लौट रहे थे। वैशाली मेट्रो स्टेशन के सामने बाइक सवार युवकों ने हाथ देकर उन्हें रोका। उन्होंने शीशा खोला तो युवक ने बताया कि उनकी कार के इंजन से ऑयल लीक हो रहा है। उन्होंने मेट्रो स्टेशन के सामने कार रोककर चेक किया तो तेल टपक रहा था।

इसके बाद वह इंजन की जांच  करने लगे तभी एक युवक ने कार का पिछला गेट खोला और लैपटॉप वाला बैग निकालकर कुछ दूरी पर बाइक स्टार्ट कर खड़े साथी युवक के साथ बैठकर भाग गया।

कुछ देर बाद अजीत को समझ आया कि युवक कार से बैग लेकर भाग गया है। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। एसओ इंदिरापुरम ने बताया कि तेल लीक होने का झांसा देकर युवक ने बैग उड़ाया है। बैग में करीब दो लाख रुपये और लैपटॉप था। बदमाशों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।   


मीडियाकर्मी की पत्नी से चेन लूटी
 सेक्टर-3 में बेटी की स्कूल बस का इंतजार कर रही महिला से शुक्रवार दोपहर बाइक सवार बदमाश चेन लूटकर भाग गए। पुलिस ने शिकायत ले ली है। दिल्ली के एक मीडिया संस्थान में कार्यरत मनीष कुमार वसुंधरा सेक्टर-3 में परिवार के साथ रहते हैं।

शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे उनकी पत्नी प्राची घर के पास ही सड़क किनारे बेटी की स्कूल बस आने का इंतजार कर रही थीं। बेटी की स्कूल बस जैसे ही पहुंची, तभी काली पल्सर बाइक पर आए बदमाशों ने पीछे से प्राची के गले पर झपट्टा मारकर उनकी चेन लूट ली।

प्राची ने शोर मचाया मगर बदमाश बाइक लहराते हुए भाग गए। महिला ने पुलिस को मामले की सूचना दी। एसओ इंदिरापुरम ने बताया कि शिकायत लेकर बदमाशों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।  
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed