Hapur: रोडरेज में लुहारी में दो समुदायों के बीच संघर्ष, एक की मौत और कई घायल; गांव में फोर्स तैनात
हंगामे की सूचना के बाद करीब पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई, इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया। गांव में तनाव देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
विस्तार
हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गांव लुहारी में बाइक की साइड लगने के बाद युवकों में विवाद हो गया। मामला दो समुदायों के बीच होने के कारण बड़ी संख्या में लोग आमने सामने आ गए और जमकर लाठी डंडे चले। दोनों ओर से जमकर पथराव भी हुआ। मारपीट में घायल एक युवक इरशाद (26) की मौत हो गई। सूचना के बाद करीब पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई, इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया। गांव में तनाव देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के अनुसार, लुहारी निवासी इरशाद मंगलवार की देर शाम गांव में चल रही रामलीला मंचन में रावण का पुतला दहन होने के बाद बाइक से घर वापस लौट रहा था। रास्ते में गांव के ही रहने वाले दो युवक अपने तीन साथियों के साथ गंगा मंदिर के पास मुख्य बाजार में एक ठेले पर समोसे खा रहे थे। जिनमें से एक युवक से इरशाद की बाइक टकरा गई। इसी विवाद ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान इरशाद सड़क पर गिर पड़ा और उसे सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गया।
मौेक पर पहुंची पुलिस ने इरशाद को गढ़ सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं उसे बचाने पहुंचे वसीम भी घायल हो गय। दो समुदायों के बीच संघर्ष की सूचना पर दोनों तरफ के लोग मौके पर एकत्र हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव भी किया। जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया। पुलसि ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत कराया। गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मौके पर पहुंचे एएसपी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी ने बंद कराई शराब की दुकानें
लुहारी की घटना को देखते हुए दशहरे मेले पर अन्य किसी स्थान पर किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसे देखते हुए एसपी अभिषेक वर्मा ने रात करीब नौ बजे शराब की दुकानों को बंद कराने के आदेश जारी कर दिए। हापुड़ की भी सभी शराब की दुकानों को बंद कर दिया गया। जिससे कुछ लोगों में हंगामे की स्थिति रही।
पुलिस ने सोशल मीडिया की निगरानी शुरू की
घटना दो संप्रदायों के बीच जुड़ी होने के कारण एसपी के आदेश पर पुलिस ने सोशल मीडिया ग्रुप की निगरानी शुरू कर दी। पुलिस देर रात तक ग्रुपों पर किसी प्रकार के आपत्तिजनक मैसेज को तलाश करती रही।