रैपिड रेल: सुरंगों में ऑस्ट्रेलियन तकनीक से बनेंगे कुल 21 आपात निकास मार्ग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाजियाबाद। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ तक रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) कॉरिडोर के 12 किमी लंबे भूमिगत भाग में यात्रियों की सुरक्षा के लिए सुरंग में कुल 21 आपात निकास मार्ग ( इमरजेंसी क्रॉस पैसेज) बनाए जाएंगे। इन आपात निकास मार्ग का निर्माण न्यू ऑस्ट्रेलियन टनलिंग प्रणाली (एनएटीएम) की तकनीक पर किया जा रहा है।
गाजियाबाद में आनंद विहार से साहिबाबाद के बीच दो किमी लंबी सुरंग का निर्माण तेज गति से जारी है। यहां दो सामानांतर सुरंगों में कुल चार आपात निकास मार्ग होंगे। वहीं आनंद विहार से न्यू अशोकनगर में निर्माणाधीन तीन किमी लंबी दो समानांतर सुरंग में कुल आठ आपात निकास मार्ग होंगे। सर्वाधिक नौ आपात निकास मार्ग का निर्माण मेरठ में निर्माणाधीन सुरंगों में किया जाएगा।
मेरठ में भैंसाली से मेरठ सेंट्रल के बीच निर्माणाधीन दो किमी की सुरंग में छह आपात निकास मार्ग, भैंसाली से बेगमपुल के बीच एक किमी लंबी सुरंग में दो और गांधी बाग से बेगमपुल के बीच 700 मीटर लंबी सुरंग में एक आपात निकास मार्ग का निर्माण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Baghpat: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बोले- 2024 में यहां भी होंगी अमेरिका जैसी सड़कें, चलेगी ड्रोन टैक्सी
सुरंग में 90 सेंटीमीटर चौड़ा पैदल मार्ग होगा
82 किमी लंबे रैपिड रेल कॉरिडोर में 70 किमी लंबा एलिवेटेड और 12 किमी लंबा भूमिगत मार्ग है। सुरंग वाले भाग में 90 मीटर लंबी सुदर्शन (टनल बोरिंग मशीन) के जरिए मिट्टी की कटाई और सीमेंट की रिंग को लगाने का काम किया जा रहा है।
परियोजना में पहली बार 6.5 मीटर व्यास की सुरंग का निर्माण किया जा रहा है। सुरंग में आपात निकास मार्ग के साथ सुरक्षा की दृष्टि और रखरखाव गतिविधियों के लिए 60 से 90 सेंटीमीटर चौड़ा एक पैदल मार्ग (साइड वॉकवे) बनाया जा रहा है।
आपात निकास मार्ग से जुड़ेंगी समानांतर सुरंग
आरआरटीएस कॉरिडोर के पूरे भूमिगत भाग में ट्रेनों के आने और जाने के लिए दो सामानांतर सुरंग का निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में आपात निकास मार्ग के माध्यम में यह दोनों सुरंग आपास में जुड़ेंगी।
भूमिगत भाग में हर 250 मीटर पर आपात निकास मार्ग का प्रावधान होगा। ऐसे में आपात स्थिति के साथ आश्वयकता पड़ने पर आपात निकास मार्ग का इस्तेमाल कर आसानी से आवागमन किया जा सकेगा। आपात स्थिति में यदि एक रैपिड रेल रुक जाती है तो निकास मार्ग के जरिए दूसरी सुरंग से यात्रियों को बाहर निकाला जा सकेगा।
एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स का कहना है कि साहिबाबाद से आनंद विहार, आनंद विहार से दिल्ली न्यू अशोक नगर और मेरठ में सुरंग निर्माण का काम तेज गति से जारी है। मेरठ में दो सुरंगों की खोदाई का काम पूरा हो चुका है।