होटल में मिला विधवा का शव: साथ ठहरे युवक ने दी सूचना, बोला- उठाने गया पर वह नहीं उठी; कमरे से मिलीं ये चीजें
घटना के बाद से पुलिस को सूचना देने वाला शख्स फरार है। पुलिस ने मृतका के बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विस्तार से पढ़ें पूरी खबर-
विस्तार
यूपी के गाजियाबाद जिले के सिहानी गेट क्षेत्र के पटेल नगर स्थित एक होटल में रविवार सुबह विधवा का शव मिला है। शव पर चोट के निशान होने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। विधवा की पहचान कोटगांव की आरती के रूप में हुई। महिला के बेटे दक्ष की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी।
डीसीपी नगर धवल जायसवाल ने बताया कि रविवार सुबह पुलिस को सेवानगर निवासी प्रवीण ने कॉल कर सूचना दी कि वह आरती के साथ शनिवार रात होटल रॉयल किंग में रुकने आए थे। रविवार सुबह वह उठ गये लेकिन आरती उठी नहीं। कमरे से शराब की खाली बोतल मिली। खाद्य सामग्री भी बरामद हुई। होटल स्टाफ से भी पूछताछ हुई।
पता चला कि दोनों में रात में किसी बात को लेकर नशे में झगड़ा हुआ। मामले में आरती के बेटे दक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जानकारी करने पर पता चला कि आरती की शादी सेवानगर निवासी रोहित कुमार से हुई थी लेकिन रोहित की दो साल पहले मौत हो गई थी।
अब आरती को उसके ससुरालियों व परिजनों ने घर से निकाल दिया था। प्रवीण अभी पुलिस के हाथ नहीं लगा है। उससे पूछताछ के बाद तमाम जानकारी सामने आएगी। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जायेगा। पोस्टमोर्टम रिपोर्ट का अध्ययन किया जा रहा है।