Ghaziabad: हिंडन एयरबेस की सुरक्षा में सेंध की कोशिश, दीवार के नीचे खोद डाली सुरंग; आईबी-एटीएस कर रही जांच
टीलामोड थाना क्षेत्र की इरशाद कॉलोनी की तरफ से हिंडन एयर फोर्स की दीवार के नीचे गड्ढा खोदकर चोरी का प्रयास किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय वायुसेना हिंडन स्टेशन की दीवार के नीचे चार फीट का गड्ढा खोदकर सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश हुई है। रविवार देर रात टीलामोड़ पुलिस को इरशाद कालोनी की तरफ वायुसेना स्टेशन की दीवार के नीचे गड्ढे की सूचना मिली थी। तुरंत डीसीपी और एसीपी ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
सोमवार को इंटेलीजेंस ब्यूरो, एटीएस, केंद्र और राज्य की सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने टीम के साथ कई घंटे तक गड्ढे और आसपास इलाके में जांच की। वायुसेना के मास्टर वारंट अफसर सहायक सुरक्षा सहायक सतीश कुमार ने टीलामोड़ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
स्थानीय नागरिक ने दी जानकारी
टीलामोड़ थाना क्षेत्र में इरशाद कालोनी की तरफ हिंडन वायुसेना स्टेशन का टावर नंबर-10 है। वॉच टावर से करीब 100 मीटर आगे वायुसेना स्टेशन की बाउंड्री वॉल बनी है। दीवार से 10-15 मीटर आगे कानपुर की रहने वाली ईशा पत्नी गोपाल पिछले एक साल से किराये के मकान में रहती हैं। रात 11 बजे उन्होंने वायुसेना स्टेशन की दीवार के नीचे से मिट्टी खोदने की जानकारी दी। वो इतना गहरा था कि वायुसेना की दीवार के नीचे तक पहुंच चुका था। वह मौके पर पहुंचीं तो चार फीट गहरा गड्ढा खुदा देखकर लोगों को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पहुंचे बड़े अधिकारी
हिंदू रक्षादल के सदस्य अन्नू चौधरी ने पुलिस को फोन किया। भारतीय वायुसेना स्टेशन की सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के चलते डीसीपी शुभम पटेल, एसीपी सिद्धार्थ गौतम, थाना प्रभारी राजकुमार गिरि मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच शुरू की। सुरक्षा के लिहाज से अधिकारियों ने रात में गड्ढे को मिट्टी से भरवा दिया। सुबह दस बजे वायुसेना के सुरक्षा अधिकारियों के साथ इंटेलीजेंस ब्यूरो, एसटीएफ, सेंट्रल व स्टेट इंटेलीजेंस यूनिट के अधिकारी मौके पर जांच करने पहुंचें।
पुलिस में मामला दर्ज
टीम ने महिला ईशा के बयान दर्ज किए। सूचना देने वाले अन्नू चौधरी का कहना है कि इरशाद कालोनी में अलग-अलग-जगह से लोग आकर नशा करते हैं। कई बार पुलिस से शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। वायुसेना के मास्टर वारंट अफसर सतीश कुमार ने टीलामोड़ पुलिस थाने में मुकदमा कराया कि रविवार रात करीब 11 बजे वायुसेना क्षेत्र में एक गड्ढा खोदने के बारे में सूचना मिली। स्थानीय पुलिसकर्मियों ने वायु सेनाकर्मियों के साथ जांच की। उन्होंने गड्ढे खोदे जाने की जांच की मांग की है।
वायुसेना अधिकारियों ने साफ कराईं झाड़ियां
पुलिस की तीन टीमें अलग-अलग एंगल से जांच कर रही हैं। सोमवार को वायुसेना अधिकारियों ने इरशाद कालोनी में बाउंड्रीवॉल के नीचे झाड़ियों को साफ कराने का काम शुरू का दिया। डीसीपी शुभम पटेल का कहना है कि वायुसेना की सुरक्षा से संबंधित मामला बेहद गंभीर है। मास्टर वारंट अफसर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गड्ढा खोदने के इनपुट को सुरक्षा एजेंसियों को भी बताया गया है।