प्रदूषण बना रहा बांझ!: टूट सकता है मां बनने का सपना, हवा में घुले जहरीले कण अंडाशय की गुणवत्ता पर डाल रहा असर
वायु प्रदूषण महिलाओं की प्रजनन क्षमता को प्रभावित कर सकता है। शोधों में सूक्ष्म प्रदूषक कणों और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड के संपर्क का संबंध अंडाशय की कार्यक्षमता, अंडों की गुणवत्ता और प्रजनन क्षमता के संकेतकों में गिरावट से पाया गया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, आईवीएफ की सफलता पर भी असर पड़ सकता है, हालांकि इसका प्रभाव हर महिला पर एक जैसा नहीं होता।
विस्तार
प्रदूषण का बढ़ता स्तर अब महिलाओं की प्रजनन क्षमता के लिए भी चिंता का विषय बनता जा रहा है। हवा में मौजूद बेहद बारीक जहरीले कण महिलाओं के अंडाशय की कार्यक्षमता, अंडों की गुणवत्ता और गर्भधारण की संभावनाओं को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में कृत्रिम गर्भाधान के जरिए मां बनने की कोशिश कर रही महिलाओं के लिए भी प्रदूषण चुनौती बन सकता है।
शोध समीक्षा में 15 अध्ययनों का विश्लेषण
आईएमए की पूर्व अध्यक्ष डॉ. अल्पना कंसल का कहना है कि महिलाओं की प्रजनन क्षमता और वायु प्रदूषण के संबंध में कई शोध सामने आए हैं। वर्ष 2024 में प्रकाशित एक शोध समीक्षा में 15 अध्ययनों का विश्लेषण किया गया। इसमें सामने आया कि सूक्ष्म कणों और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड जैसे वायु प्रदूषकों के संपर्क का संबंध महिलाओं के अंडाशय में उपलब्ध अंडों की संख्या और उनकी प्रजनन क्षमता से जुड़े संकेतकों में गिरावट से हो सकता है।
शोध में 511 महिलाओं को शामिल किया गया
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में प्रकाशित एक अन्य शोध में 511 महिलाओं को शामिल किया गया। इसमें पाया गया कि सूक्ष्म प्रदूषक कणों के अधिक संपर्क का संबंध एंटी-मुलरियन हार्मोन के कम स्तर और अंडाशय में विकसित हो रहे छोटे पुटिकाओं की संख्या में कमी से हो सकता है। ये दोनों महिलाओं की प्रजनन क्षमता के महत्वपूर्ण संकेतक माने जाते हैं।
प्रदूषण का असर महिलाओं की प्रजनन क्षमता पर
वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना शर्मा का कहना है कि वर्ष 2025 में प्रकाशित एक शोध में भी अंडे निकालने की प्रक्रिया से पहले वायु प्रदूषण के अधिक संपर्क और कृत्रिम गर्भाधान के बाद जीवित बच्चे के जन्म की कम संभावना के बीच संबंध पाया गया। डॉ. अर्चना के अनुसार, प्रदूषण का असर महिलाओं की प्रजनन क्षमता पर पड़ सकता है। उनका कहना है कि प्रदूषण का स्तर अधिक रहने पर कुछ मामलों में गर्भाधान की प्रक्रिया को टालने का निर्णय लिया जाता है। उन्होंने बताया कि अक्तूबर से दिसंबर तक प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए कुछ केंद्रों पर कृत्रिम गर्भाधान की प्रक्रिया बंद कर दी जाती है।
प्रदूषण के कारण सभी महिलाओं में अंडे बनना बंद नहीं होते
हालांकि, कई महिला रोग विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदूषण के कारण सभी महिलाओं में अंडे बनना बंद नहीं हो जाते। इसका असर महिला की उम्र, स्वास्थ्य, अंडाशय की स्थिति और प्रदूषण के संपर्क की अवधि पर निर्भर करता है। इसलिए कृत्रिम गर्भाधान की प्रक्रिया रोकने या आगे बढ़ाने का निर्णय चिकित्सकीय जांच के आधार पर ही लिया जाना चाहिए।
