अफगानिस्तान से आई खुशखबर: काबुल से आया मुकेश का फोन, बोला- जल्द लौटूंगा अपने वतन
बुलंदशहर के गंगागढ़ गांव के रहने वाले मुकेश करीब छह माह पूर्व नौकरी के लिए अफगानिस्तान के काबुल शहर गए थे। वहां वह मेली अफगानिस्तान स्टील कंपनी में नौकरी कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अफगानिस्तान में फंसे गंगागढ़ गांव के मुकेश की बात बुधवार की सुबह उनकी पत्नी से हो गई। मुकेश ने कहा कि वह जल्द वतन लौटेंगे। उन्होंने देश वापसी के लिए एक बार फिर पीएम मोदी से गुहार लगाई है। फोन पर बात होने के बाद गांव में उनकी पत्नी और बच्चों के दिल को कुछ सुकून मिला, लेकिन वह चिंतित हैं।
बुलंदशहर के गंगागढ़ गांव के रहने वाले मुकेश करीब छह माह पूर्व नौकरी के लिए अफगानिस्तान के काबुल शहर गए थे। वहां वह मेली अफगानिस्तान स्टील कंपनी में नौकरी कर रहे हैं। अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे से हालत बिगडे़ तो मुकेश भी वहां फंस गए हैं। उनका पासपोर्ट भी कंपनी के पास है।
मुकेश ने मंगलवार को वीडियो वायरल कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई थी। मुकेश की पत्नी शीला ने बताया कि अफगानिस्तान की कंपनी वालों ने ही उनके पति से बुधवार की सुबह फोन पर बात कराई।
सुबह करीब साढे़ सात बजे फोन पर पति की आवाज सुनी तो उन्हें बड़ा सुकून मिला। मुकेश ने पत्नी को बताया कि वह सुरक्षित हैं और जल्द से जल्द बुलंदशहर में अपने गांव गंगागढ़ आना चाहते हैं। परिजनों को ग्रामीण व रिश्तेदार हिम्मत बंधा रहे हैं। बुधवार को मुकेश के घर पर रिश्तेदारों और गांव के लोगों का तांता लगा रहा। लोग जल्द से जल्द मुकेश की वापसी के लिए भगवान से प्रार्थना भी कर रहे हैं।
सतपाल के परिजनों ने लगाई मदद की गुहार
किर्रा निवासी सतपाल भी अफगानिस्तान में फंसे हैं। सतपाल का परिवार इन दिनों दिल्ली में रहता है। उनके परिजनों ने भी भारत सरकार से सतपाल को जल्द भारत लाने की गुहार लगाई है।
ड्राईफ्रूट के बढ़े दाम: अखरोट 50 और बादाम 42 फीसदी महंगा
अफगानिस्तान में हालात बिगड़ने के बाद जिले में बादाम, किसमिस, पिस्ता, अखरोट आदि ड्राईफ्रूट के दाम बढ़ गए हैं दुकानदारों के अनुसार 240 रुपये बिकने वाले किसमिस के दाम 300 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। जबकि 800 रुपये किलो बिकने वाला अखरोट 1200 रुपये प्रति किलो हो गया है। इसी तरह मसालों के दामों में भी वृद्धि होने लगी है। इसका कारण यह है कि अफगानिस्तान से आने वाले ड्राईफ्रूट और मसाले की सप्लाई बाधित हो गई है। इस कारण भी ड्राईफ्रूट के दाम बढ़ने शुरू हो गए हैं। यदि जल्द ही हालात नहीं सुधरे तो ड्राईफ्रूट और मसालों के दामों में और भी वृद्धि होने की संभावना है।
ये हैं ड्राईफ्रूट के दाम
ड्राईफ्रूट अब के दाम पहले के दाम प्रति किलो
किसमिस 300 240
बादाम 1000 700
पिस्ता 1000 900
अखरोट 1200 800
और बढ़ सकते हैं दाम
अचानक ड्राईफ्रूट के दाम में 60 से लेकर 400 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हो गई है। इसके साथ ही मसालों के दामों में वृद्धि होने लगी है। यदि हालात जल्द नहीं सुधरे तो दाम और भी बढ़ सकते हैं। - रामकुमार गुप्ता।
आपूर्ति कम होने से बढ़ी कीमत
ड्राईफ्रूट और मसालों की सप्लाई प्रभावित हो गई है। इसके चलते दामों में लगातार इजाफा हो रहा है। जिले के दुकानदार दिल्ली से ही ड्राईफ्रूट और मसाले लेकर आते हैं, जहां पर सप्लाई कम होने के कारण अचानक दामों में वृद्धि हो गई है। - अरुण बंसल।