जलेबी में मिली फफूंदी: 12 साल की बच्ची बीमार, पहले भी आ चुकी है दुकानदार की शिकायत; खाद्य विभाग ने लिया एक्शन
गाजियाबाद के गोविंदपुरम में पनीर की जलेबी खाने से एक बच्ची बीमार हो गई। जिसे तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पातल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक जांच में पता चला कि जलेबी में फफूंदी लगी हुई थी।
विस्तार
गोविंदपुरम स्थित एक मिठाई की दुकान से पनीर की जलेबी खाने के बाद एक 12 वर्षीय बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। बच्ची ने जलेबी खाने के तुरंत बाद उल्टी कर दी, जिसके बाद उसके परिजन उसे लेकर तुरंत चिकित्सक के पास पहुंचे। प्राथमिक जांच में पता चला कि जलेबी में फफूंदी लगी हुई थी। मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग हरकत में आया और दुकान से जलेबी के नमूने जांच के लिए भेजने के साथ ही दूषित जलेबी नष्ट कराई है।
स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) भोजपुर क्षेत्र में तैनात राहुल शिवाच गोविंदपुरम में रहते हैं। वह शनिवार की शाम एनडीआरएफ रोड स्थित एक प्रसिद्ध मिठाई की दुकान से पनीर वाली जलेबी खरीदकर घर ले गए थे। घर पहुंचने पर उनकी बेटी ने जलेबी खाई, तो उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उल्टी होने लगी और बेचैनी महसूस हुई।
परिजनों को शक हुआ कि जलेबी में कुछ गड़बड़ है। राहुल शिवाच तुरंत जलेबी लेकर वापस दुकान पहुंचे और दुकानदार से शिकायत की। उन्होंने देखा कि जलेबी में फफूंदी लगी हुई थी और उसमें से अजीब सी दुर्गंध आ रही थी। इस बात को लेकर उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण विभाग को भी सूचना दी। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और दुकानदार से जवाब मांगने लगे।
कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि दुकान में मिठाइयों की गुणवत्ता पहले भी सवालों के घेरे में रही है। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर है, लेकिन इस घटना ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों से पहले मिठाई दुकानों की सघन जांच की जाए, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला अभिहित अधिकारी डॉ. अरविंद यादव ने बताया कि दुकान से जलेबी के नमूने एकत्र कर लिए गए हैं। जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। साथ ही खराब जलेबी को नष्ट भी करा दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: IGI से चीनी नागरिक पकड़ा: हांगकांग से दिल्ली की फ्लाइट में करता चोरी, लोगों को बनाता निशाना; ऐसे हुआ खुलासा
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.