गंभीर और तिवारी में हाथापाई, अंपायर को भी मारा धक्का
दिल्ली में फिरोजशाह कोटला में चल रहे रणजी मैच के दौरान आज अजीब स्थिती पैदा हो गई जब दिल्ली और बंगाल टीम के कप्तान के बीच बहस इतनी उग्र हो गई कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।
इस बीच जब मैच के अंपायर के श्रीनाथ ने बीच बचाव की कोशिश की तो गौतम गंभीर ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की। असल में दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस इतनी उग्र हो गई कि गौतम गंभीर हमले की मुद्रा में मनोज तिवारी की ओर बढ़ने लगे।
दोनों को रोकने की कोशिश में अंपायर के श्रीनाथ बीच में आए तो गंभीर ने उन्हें भी धक्का दे दिया। खेल के दौरान अंपायर के साथ बदसलूकी एक गंभीर अपराध है जिसके लिए गौतम को गंभीर नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं।
हेलमेट मंगाने को लेकर हुआ विवाद
असल में पार्थ सारथी मैच का आठवे ओवर फेंक रहे थे और उन्होंने मनन शर्मा को आउट कर दिया। इसके बाद मनोज तिवारी टोपी पहन कर बैटिंग करने आए।
जैसे ही पार्थ ने बॉलिंग करना शुरु किया मनोज ने उन्हें रोक दिया और ड्रेसिंग रूम की ओर इशारा कर अपने लिए हेलमेट की मांग की क्योंकि सामने से एक तेज गति का बॉलर बॉलिंग करने जा रहा था।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के खिलाड़ियों के बीच बहस शुरु हुई और अचानक गंभीर ने मनोज तिवारी को अपशब्द कह दिया। मनोज भी उग्र होकर उसका जवाब दिया जिसके बाद बात हाथापाई तक पहुंच गई।