दादी से हाथ छुड़ाकर गली की ओर दौड़ी थी गैंगरेप पीड़ित बच्ची
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निहाल विहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बाइक सवार दो युवकों ने ढाई साल की बच्ची को अगवा कर उससे गैंगरेप किया। बताया गया है कि बच्ची घर के बाहर दादी के साथ खड़ी थी।
इसी दौरान बिजली जाने के बाद बच्ची गायब हो गई। काफी तलाश के बाद वह एक पार्क में लहूलुहान अवस्था में मिली। निहाल विहार इलाके में रहने वाली बच्ची का पिता नमकीन बनाने वाली एक कंपनी में काम करता है।
परिवार वालों के मुताबिक घर के पास श्रीराम लीला कमेटी की ओर से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। रात करीब 11:30 बजे बच्ची 70 वर्षीय दादी के साथ घर के बाहर खड़ी थी।
इस दौरान बिजली चली गई। बच्ची दादी से हाथ छुड़ाकर गली की ओर भागी। दादी ने पीछा किया, लेकिन अंधेरा होने की वजह से बच्ची नहीं मिली। बुजुर्ग महिला ने अपने बेटों को इसकी जानकारी दी।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
इसके बाद पूरा परिवार बच्ची की तलाश में जुट गया। काफी देर तक बच्ची के नहीं मिलने पर उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बच्ची के अगवा किए जाने का मामला दर्ज कर लिया।
शिकायत दर्ज होने के बावजूद परिजन स्थानीय लोगों के साथ बच्ची की तलाश करते रहे। रात करीब डेढ़ बजे घर से 300 मीटर दूर तालाब वाले पार्क में बच्ची लहूलुहान अवस्था में मिली। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी और उसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया।
बच्ची के शरीर पर चोट के काफी निशान मिले और उसके संवेदनशील अंग से खून निकल रहा था। मेडिकल जांच में बच्ची से दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बच्ची के घर से कुछ ही दूर 15 फुटा गली के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे ने आरोपियों का सुराग दे दिया। फुटेज में देखा जा सकता है कि बाइक सवार दो युवक बच्ची को अपने साथ ले जा रहे हैं। बच्ची बाइक पर युवकों के बीच बैठी हुई है।
जनरेटर का तेल खत्म होने से गुल हुई थी लाइट
जिस दौरान आरोपियों ने बच्ची को अगवा किया। उस दौरान उसके घर के पास चल रही रामलीला में लगे जनरेटर का तेल खत्म हो गया था। इसकी वजह से अचानक लाइट चली गई।
15 मिनट में जब तक उसे दोबारा चालू किया गया, तब तक बच्ची अगवा हो चुकी थी। बच्ची के रिश्तेदार ने बताया कि गली में लगी स्ट्रीट लाइट खराब हैं। रामलीला होने की वजह से यहां रोशनी की व्यवस्था की गई है। जनरेटर के बंद होने के बाद अचानक गली में अंधेरा छा गया, जिसका आरोपियों ने फायदा उठाया।
बाइक की नंबर प्लेट से दो डिजिट गायब-
अपहरणकर्ताओं की बाइक की नंबर प्लेट से दो डिजिट गायब होने की वजह से पुलिस को जांच में दिक्कत आ रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी कैमरे के जरिये पुलिस ने आरोपियों की बाइक के नंबर की जांच की।
जिसमें पुलिस को नंबर के आगे के दो डिजिट गायब मिले। पुलिस ने आशंका जताई है कि आरोपी आसपास के रहने वाले हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस ने डोर टू डोर अभियान चलाया। साथ ही स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय कर जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही पुलिस के गिरफ्त में होंगे।