अंतरराज्यीय नकली नोट का नेटवर्क बेनकाब: दिल्ली पुलिस ने दो तस्करों को पकड़ा, बंगाल तक तार; ऐसे हुआ खुलासा
दिल्ली के गांधी नगर थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय नकली नोट सिंडिकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने दिल्ली और बिहार के बोधगया से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 500 रुपये के कुल 187 जाली नोट बरामद हुए हैं।
विस्तार
शाहदरा जिले की गांधी नगर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय नकली नोट सिंडिकेट का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को दिल्ली और बिहार के बोधगया से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 500 रुपये के कुल 187 जाली नोट बरामद किए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि इस गिरोह के तार दिल्ली से लेकर बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के मालदा तक फैले हुए हैं।
गुड्डू करता सप्लाई, दानिश बाजार में खपाता
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गया बिहार निवासी मोहम्मद दानिश (35) और झारखंड निवासी मोहम्मद मिराज उर्फ गुड्डू (36) के रूप में हुई है। दानिश दिल्ली के बाजारों में जाली नोट खपाने का काम करता था, जबकि गुड्डू उसे सप्लाई देता था। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर इनके बाकी साथियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
बैंक को मिली थी नकली नोट की शिकायत
पूर्वी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मिलिंद महादेव डुंबरे ने बताया कि 22 अगस्त को गांधी नगर स्थित कोटक महिंद्रा बैंक से 500 रुपये के 18 जाली नोट मिलने की शिकायत आई थी। कैश कपड़ा कारोबारी नफीस अहमद ने अपने बैंक खाते में जमा कराया था। पूछताछ में नफीस ने बताया कि 21 अगस्त को दानिश नाम के एक ग्राहक ने उनकी दुकान से 17200 के कपड़े खरीदे थे।
कैश के साथ दानिश को पुलिस ने पकड़ा था
उसने ही यह कैश उसको दिया था। अगले ही दिन नफीस ने पुलिस को खबर दी कि दानिश दोबारा बाजार में देखा गया है। गांधी नगर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से आरोपी मोहम्मद दानिश को दबोच लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
10 हजार में खरीदे 30 हजार के नकली नोट
पुलिस की पूछताछ में दानिश ने कबूल किया कि उसने झारखंड के चतरा निवासी गुड्डू से 10 हजार के असली नोट देकर 30 हजार के नकली नोट खरीदे थे। वह गांधी नगर बाजार की छोटी-मोटी दुकानों से खरीदारी कर इन नोटों को चलाता था। आरोपी से मिले सुरागों के आधार पर छापेमारी की तैयारी कर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
आरोपी को बिहार लेकर पहुंची पुलिस
दिल्ली पुलिस की टीम आरोपी दानिश को साथ लेकर बिहार के बोधगया पहुंची और लोकल पुलिस की मदद से मुख्य नकली नोट सप्लायर मोहम्मद मिराज उर्फ गुड्डू को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 500 रुपये के 169 जाली नोट बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की।
पश्चिम बंगाल के मालदा से जुड़ा जाली नोटों का नेटवर्क
नकली नोटों के सप्लायर मिराज उर्फ गुड्डू ने पुलिस को बताया कि उसने जाली नोट पश्चिम बंगाल के मालदा में बैठे मामा उर्फ छोटू और भैया जी नाम के तस्करों से खरीदे थे। उसने 60,000 के असली नोट देकर 1.50 लाख के नकली नोट हासिल किए थे। आरोपी मिराज पहले भी बिहार के रामपुर थाने में दर्ज दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब मालदा स्थित मुख्य सरगनाओं की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए छापेमारी कर रही है।