मोदी से पहले गडकरी ने बताया कैसे आसान होगी चार धाम यात्रा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आखिरकार दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का शिलान्यास कर दिल्ली एनसीआर के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश को बड़ा तोहफा दिया।
पीएम मोदी ने एक्सप्रेसवे के यूं तो कई फायदे गिनाए और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सड़क निर्माण योजनाओं की जमकर तारीफ की। लेकिन दिल्ली के हिस्से में खुशखबरी केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नीतिन गडकरी की घोषणाओं में नजर आई।
सड़क एंव परिवहन मंत्री ने दिल्ली-डासना-मेरठ एक्सप्रेसवे का पूरा ककहरा समझाया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि भविष्य में इस एक्सप्रेसवे के बहाने दिल्ली को क्या मिलने जा रहा है।
ऐसे आसान होगी चार धाम यात्रा
गडकरी ने अपनी घोषणाओं और योजनाओं में बताया कि दिल्ली को केंद्र सरकार की कौन-सी नीतियों से बड़ा फायदा होने वाला है। नीतिन गडकरी ने बताया कि अब मेरठ से दिल्ली आने-जाने वालों के लिए दो घंटे बेकार नहीं होंगे क्योंकि ये सफर महज 45 मिनट में पूरा होगा।
इसके अलावा दिल्ली से देहरादून का सफर भी सिर्फ तीन घंटे में पूरा हो सकेगा। इतना ही नहीं दिल्ली से डासना एक्सप्रेसवे को लखनऊ तक ले जाने की भी योजना है। एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली से चार धाम की यात्रा भी आसान और सुरक्षित होने के साथ ही महज 3 घंटे मेपूरी होगी। पीएम मोदी ने भी एक्सप्रेसवे के माध्यम से चारों धाम की यात्रा को अहम करार दिया।
गडकरी के मुताबिक फिलहाल सड़क निर्माण एक दिन में 11 किमी की गति से हो रहा है, जबकि भविष्य में इसे 30 किमी प्रति दिन तक ले जाने का लक्ष्य हैं।
जानिए कैसे पूरी होगी एक्सप्रेसवे परियोजना
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे परियोजना के अंतर्गत सड़क की लंबाई 74 किलोमीटर है। योजना पर केंद्र सरकार की ओर से तकरीबन 7566 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना को चार चरणों में पूरा किया जाएगा।
इसके पहले चरण में दिल्ली-डासना का निर्माण शामिल है। इसमें 28 किमी सड़क का निर्माण किया जाना है। इसमे तकरीबन ढ़ाई हजार करोड़ से तीन हजार करोड़ तक खर्च होंगे।
दूसरे चरण में 35 किमी सड़क निर्माण की योजना है। इसमे तकरीबन साढ़े तीन हजार करोड़ तक का खर्च आएगा। बाकी की परियोजना को भी दो चरणों में पूरा किया जाएगा।
एक्सप्रेसवे में ये भी रहेंगी सुविधाएं
दिल्ली से डासना तक साइकिल ट्रैक : दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर डासना तक साइकिल ट्रैक भी बनाया जाना प्रस्तावित है। सड़क के दोनों किनारों पर करीब 28 किलोमीटर तक इसे बनाने की योजना है। यह दिल्ली से यूपी गेट तक 8.36 किलोमीटर और यूपी गेट से डासना तक 19.3 किलोमीटर प्रस्तावित है।
मार्च से शुरू हो सकता है काम : सूत्रों के मुताबिक पीएम मोदी के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के शिलान्यास के बाद मार्च से इसका काम शुरू होने की संभावना है।
योजना के मुताबिक पहले से चल रहे एनएच-24 को नहीं छेड़ा जाएगा। सबसे पहले दोनों साइड में चार-चार लेन पर काम होगा। साइड का काम पूरा होने के बाद बीच वाले भाग पर काम होगा। इससे लोगों के एनएच-24 पर चलने में असुविधा नहीं होगी।