अब बाजार में आ गया टमाटर का विकल्प
अगली बार अगर टमाटर के दाम बढ़ें तो घबराएं नहीं, क्योंकि बाजार में टमारटर का एक सस्ता विकल्प तैयार है। मदर डेयरी ने टमाटर की बढ़ती कीमतों को देखते हुए ग्राहकों के लिए 'फ्रोजेन टोमैटो' लांच किया है। इस टमाटर की खास बात है कि यह बाजार भाव से सस्ता है।
जहां बाजार में आजकल टमाटर का भाव औसतन 50 से 60 रूपये किलो चल रहा है, वहीं मदर डेयरी के इस उत्पाद की कीमत लगभग 40 रूपये प्रति किलो है। मदर डेयरी, नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड की एक सहायक संस्था है।
किसी भी तरह हो सकता है इस्तेमाल
मदर डेयरी के ये उत्पाद इनके सफल आउटलेट से भी पाए जा सकते हैं। वैसे राजधानी में प्याज और टमाटर ऐसी सब्जियां हैं जो लगभग हर साल लोगों की परेशानी का सबब बन जाती हैं।
इस साल भी मई की शुरूआत के साथ ही प्याज की कीमतों ने पहले लोगों को रूलाया और जून के अंत तक टमाटर ने भी लोगों के खाने का स्वाद बिगाड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अभी हाल ही में टमाटर की कीमतें सौ रूपये से भी ज्यादा हो गईं।
आम लोगों की इस समस्या को देखते हुए मदर डेयरी ने पीक सप्लाई सीजन में टमाटरों की खरीद की। हरियाणा से खरीदे गए ये टमाटर मदर डेयरी के मंगोलपुरी प्लांट में प्रोसेस किए गए। प्रोसेस किए गए ये टमाटर सीधे इस्तेमाल में लाए जा सकते हैं। मदर डेयरी ने फ्रोजेन टोमैटो के अपने उत्पाद को आधा किलो के पैकेट में बेचने के लिए बाजार में उतारा है।