Delhi: मदद का झांसा देकर ठगी करने वाला जालसाज झारखंड से गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाई पुलिस
मोबाइल नंबर से आरोपी की पहचान देवघर झारखंड निवासी मंतेज अंसारी के रूप में हुई। पुलिस की टीम ने 23 अप्रैल की रात आरोपी के घर पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी दिल्ली में द्वारका जिला साइबर सेल ने घरेलू कामों में मदद करने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी गूगल पर अपने नंबर को हेल्पलाइन नंबर बताकर विज्ञापन दिया था। जिसके जरिए संपर्क करने वाले लोगों से वह ऑनलाइन ठगी करता था। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक शख्स ने 29 मार्च को साइबर सेल में ठगी की शिकायत की। शिकायतकर्ता ने बताया कि 12 मार्च को उसके घर में पानी का रिसाव हो रहा था। पानी का रिसाव बंद करने के लिए उसे एक प्लंबर को काम करने के लिए बुलाना था। उसने गूगल पर प्लंबर की तलाश की। वहां से उसे एक नंबर मिला, जिस पर संपर्क करने पर आरोपी ने उसे एक एप्लिकेशन यानी रस्टडेस्क डाउनलोड करने के लिए कहा और उसमें उसने पंजीकरण शुल्क के तौर पर 10 रुपये का भुगतान करने के लिए कहा। ऐसा करते ही उसके पेटीएम से 86 सौ रुपये निकल गए। राशि काटे जाने का विरोध करने पर आरोपी ने कहा कि गलती से हो गया है। उसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता को व्यस्त रखकर तीन लेन देन कर पीड़ित के खाते से 81 हजार से ज्यादा रुपये निकाल लिए।
निरीक्षक जगदीश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी ने पीड़ित के डेबिट कार्ड का इस्तेमाल कर फ्लिपकार्ट एवं जियो मार्ट के माध्यम से ऑनलाइन शॉपिंग की थी। आरोपी ने जियो मार्ट से एक आई-फोन खरीदा और उसने पेटीएम के जरिए 86 सौ रुपये निकाले। आगे की जांच में पुलिस ने फ्लिपकार्ट और जियो मार्ट से खरीदी गई वस्तुओं और इसे खरीदने वाले आरोपी व्यक्ति का विवरण मांगा। इसके जरिए आरोपी की ई-मेल आईडी का पता चला, जिसका इस्तेमाल कर ऑनलाइन शॉपिंग में किया गया।
मोबाइल नंबर से आरोपी की पहचान देवघर झारखंड निवासी मंतेज अंसारी के रूप में हुई। पुलिस की टीम ने 23 अप्रैल की रात आरोपी के घर पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने धोखाधड़ी के मामले में संलिप्तता कबूल की। उसके कब्जे से सिम कार्ड सहित दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर नई दिल्ली ले आई। पुलिस उससे पूछताछ कर पता लगा रही है कि आरोपी अबतक कितने लोगों से ठगी कर चुका है।