सिगरेट देने से मना करने पर हुई मामूली कहासुनी, चार युवकों ने छात्र का कर दिया मर्डर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिगरेट देने से मना करने पर एक छात्र की चार युवकों से मामूली कहासुनी हो गई। चारों ने मिलकर छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। ताबड़तोड़ हमलों से घायल छात्र की मौत हो गई।
घटना देश की राजधानी दिल्ली की है। पीतमपुरा इलाके में बुधवार देर रात सिगरेट देने से मना करने पर हुई कहासुनी में चार युवकों ने एक छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। जख्मी हालत में छात्र को उसके दोस्तों से पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर चाकू के छह जख्म मिले हैं। छात्र की पहचान जींद हरियाणा निवासी मोहित (22) के रूप में हुई है। वह पीतमपुरा के एक इंस्टीट्यूट में कंप्यूटर ग्राफिक्स का कोर्स कर रहा था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात पुलिस को फोर्टिज अस्पताल से एक युवक को चाकू मारे जाने की सूचना मिली। अस्पताल पहुंची पुलिस को पता चला कि युवक की मौत हो चुकी है। युवक की शिनाख्त मोहित के रूप में हुई। उसके दोस्तों ने पुलिस को बताया कि मोहित मूलत: उचाना मंडी, जींद हरियाणा का रहने वाला था।
वह पीतमपुरा के डब्ल्यूपी ब्लॉक में रहता था और पीतमपुरा स्थित एमएएसी इंस्टीट्यूट में कंप्यूटर ग्राफिक्स का कोर्स कर रहा था। बुधवार रात करीब 12:30 बजे मोहित अपने तीन दोस्त नितिन, रोबिन और ललित के साथ आइसक्रीम खाने सुभाष प्लेस आया था। मोहित सिगरेट पी रहा था।
वहां मौजूद दूसरे गुट के चार युवकों ने उससे सिगरेट की मांग की। मोहित के सिगरेट देने से मना करने पर उनके बीच कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने मोहित पर चाकू से हमला कर उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया।
दोस्तों ने मोहित को बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से भागने के लिए कहा। मोहित को जख्मी करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। तीनों दोस्त जख्मी मोहित को इलाज के लिए फोर्टिज अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक काफी खून निकल जाने से मोहित की मौत हो गई। अस्पताल से मिली जानकारी के बाद वहां पहुंची पुलिस ने मोहित के शव को कब्जे में कर लिया। पुलिस ने उसके दोस्त के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोहित के दोस्तों के बताए हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही पुलिस घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को भी कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।