नवरात्रि में फ्लैट बुक कराया तो बरसेगा सोना!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरुवार से शुरू हो रहे नवरात्रि में फ्लैट बुक कराया तो खरीदार पर सोना बरसेगा। त्योहारों के सीजन की शुरूआत को देखते हुए बिल्डरों ने खरीदारों को लुभाने के लिए दर्जनों आकर्षक ऑफर पेश किए हैं।
इसमें फ्लैट बुकिंग पर सोने का सिक्का देने से लेकर लाखों रुपये तक की छूट की पेशकश की है। रीयल स्टेट बाजार को अच्छे दिनों में बहार का इंतजार और इसीलिए ग्राहकों के लिए सौगातों का पिटारा खोल दिया गया है।
दरअसल, नवरात्रि से लेकर दीपावली तक फ्लैटों की बुकिंग ज्यादा होती है। और, ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने की होड़ में नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आसपास के इलाकों में अपने प्रोजेक्ट ला रहे बिल्डरों ने ऑफर्स की झड़ी लगा दी है।
फ्लैट की ईएमआई फ्री बुकिंग
एक बिल्डर ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के प्रोजेक्ट में फ्लैट की बुकिंग कराने पर कुल राशि का दस प्रतिशत जमा करने के बाद बाकी राशि का भुगतान पजेशन पर देने का ऑफर दिया है। एक दूसरे ग्रुप ने नवरात्रि तक बुकिंग राशि देकर पजेशन तक कोई भी ईएमआई न देने का ऑफर दिया है।
साथ ही फ्लैट बुकिंग पर सोने का सिक्का, मॉड्यूलर किचन देने जैसे ऑफर भी मौजूद हैं। इतना ही नहीं 25 सितंबर से 2 अक्तूबर तक रोज लकी ड्रा भी निकाला जाएगा और विजेता एसी, फ्रिज, एलसीडी, माइक्रोवेव, फूड प्रोसेसर भी घर ले जा सकेंगे।
एक बिल्डर ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्रोजेक्ट में दस प्रतिशत बुकिंग राशि देने के बाद 80 प्रतिशत राशि बैंक फाइनेंस करेगा। बाकी दस प्रतिशत राशि पजेशन के समय देने की स्कीम है।
पजेशन तक फाइनेंस राशि पर ईएमआई नहीं देनी होगी। इसी तर्ज पर एक बिल्डर ने 20 प्रतिशत भुगतान करने के बाद बाकी का 80 फीसदी राशि पजेशन के समय देने का ऑफर दिया है।
लकी ड्रॉ में टू बीएचके फ्लैट
एक कंपनी के अधिकारी ने बताया कि इस समय फ्लैट बुक कराने पर 11 लाख रुपये तक की छूट के अलावा पांच ग्राम शुद्ध सोने के सिक्के व स्पिलिट एसी का ऑफर है। इतना ही नहीं एक लकी ड्रा भी निकाला जाएगा, जिसमें नाम आने पर टू बीएचके फ्लैट देने का ऐलान किया है।
बाजारों में डिस्काउंट की बहार
बाजार भी त्यौहार आने का इंतजार कर रहा था। कई कंपनियों ने अपने यहां डिस्काउंट देने का बोर्ड लगा दिया है। यह छूट दीवाली तक जारी रहेगी। ग्राहक भी इसका इंतजार कर रहे थे। नोएडा के सेक्टर-18 और जीआईपी में सबसे ज्यादा असर दिखाई दिया। इसके अलावा सेक्टर-27, हरौला समेत अन्य बाजारों में भी छूट शुरू कर दी गई है।