Firing in Delhi: गोलियों से सिहर उठा वेलकम... दो गुटों में 17 राउंड फायरिंग, बालकनी में खड़ी लड़की को लगी गोली
गोलीबारी करने के बाद आरोपी पक्ष वहां से फरार हो गए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
विस्तार
दिल्ली के वेलकम स्थित राजा मार्केट में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पैसे को लेकर जींस कारोबारियों में विवाद हो गया। इस दौरान हुई गोलीबारी से पूरा इलाका सिहर उठा। गोलीबारी में एक युवती घायल हो गई। उसे तुरंत पास के जीटीबी अस्पताल में ले जाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। एतिहातन इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार दो गुटों में 17 राउंड फायरिंग हुई है।
#WATCH | Several rounds were fired at North East Delhi's Welcome area. One lady was injured, officials are on the spot and an investigation is underway: Delhi Police pic.twitter.com/EBubVWIdLE
— ANI (@ANI) October 19, 2024विज्ञापन
पुलिस को शनिवार शाम राजा मार्केट वेलकम में झगड़े और गोलीबारी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। यहां गली में काफी मात्रा में खोखा और कारतूस पड़े हुए थे। गोलीबारी में इफरा (22) नाम की युवती के सीने में गोली लगी थी। उसे पुलिस ने तुरंत जीटीबी अस्प्ताल में भर्ती कराया। जिस वक्त गोली चल रही थी युवती घर के बालकनी में खड़ी थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पैसों के लेन-देन का विवाद सामने आ रहा है। जींस के थोक विक्रेताओं के बीच पैसों को लेकर झगड़ा था। मामले को लेकर शनिवार को दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी होने लगी। पुलिस ने फोरेंसिक और क्राइम टीम को मौके पर बुलाया। टीम को वहां से खोखा, कारतूस, धातु के करीब दो दर्जन से अधिक टुकड़े बरामद किए हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों पक्ष जींस कारोबारी हैं। जींस की सप्लाई करने के दौरान एक पक्ष का सामान चोरी हो गया था। लेकिन बाद में पता चला कि उसका सामान बाजार में बेच दिया गया है। इस बात को लेकर एक पक्ष दूसरे पक्ष से पैसे देने के लिए दबाव बना रहा था। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के कारोबारी की पिटाई कर दी। पिटाई का बदला लेने के लिए कारोबारी शाम में अपने साथ करीब एक दर्जन लोगों को लेकर आया और गोलीबारी करने लदा। जवाब में दूसरे पक्ष ने भी गोलियां चलाईं। इस दौरान इफरा को लगा कि गली में पटाखों की आवाज आ रही है। वह बालकनी पर आकर उसे देखने लगी। तभी एक गोली उसके सीने के दाहिने ओर लगी और वह वहीं गिर गई। लोगों ने बताया कि इफरा के पिता इरफान भी जींस कारोबारी हैं।