Delhi: सदर बाजार स्थित दुकान में धमाके से बड़ा हिस्सा गिरा, एक की मौत; चार घायल
हादसे में जख्मी हुए दुकान के चार कर्मचारियों को बाड़ा हिंदूराव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गुलाब के रूप में हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सदर बाजार इलाके में शनिवार शाम एक दुकान में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि दुकान का बड़ा हिस्सा जमींदोज हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व दमकल की गाड़ियों ने राहत कार्य शुरू किया।
हादसे में जख्मी हुए दुकान के चार कर्मचारियों को बाड़ा हिंदूराव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गुलाब के रूप में हुई। शुरुआत में दुकान में एलपीजी सिलिंडर फटने की बात कही जा रही थी लेकिन दुकान से पुलिस को कोई सिलिंडर या दूसरा ऐसा सामान नहीं मिला है, जिससे धमाका हो सके।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि ऐसा लगता है कि पानी की पाइप लाइन फटने से धमाका हुआ है। फिलहाल आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया है। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल की टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। जांच के बाद ही धमाके के कारणों का पता चल पाएगा।
पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6.20 बजे उनकी टीम को सूचना मिली कि कुतुब रोड, तांगा स्टैंड के पास एक दुकान में धमाका हो गया है। इसकी वजह से दुकान भी जमींदोज हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
पुलिस के मौके पर पहुंचने से पूर्व ही घायलों को अस्पताल ले जाया जा चुका था। पुलिस को दुकान से किसी तरह को कोई केमिकल व कोई ऐसा सामान नहीं मिला है, जिससे धमाका हो। दुकान मालिक पिंकी अग्रवाल ने बताया कि उनका अंडर गारमेंट्स का काम है। पुलिस उनसे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।